हुक्का बार में डांस करने को लेकर मारपीट, संचालक समेत सात हिरासत में
गोरखपुर में हुक्का बार में मारपीट हो गई। घटना के बाद हुक्का बार संचालक समेत सात लोग हिरासत में लिए गए हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। शाहपुर इलाके में संगम चौराहे पर स्थित हुक्का बार में डांस करने को लेकर युवकों के दो गुटों में मारपीट हो गई। बताते हैं कि बार में जन्मदिन मना रहे युवक-युवतियों की टोली में घुस आए बाहरी लड़के अपनी पसंद के गाने पर डांस करना चाह रहे थे। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ। हुक्का बार संचालक सहित विवाद में शामिल सात को हिरासत में लिया गया है।
संगम चौराहे पर स्थित शंकर कांपलेक्स में जेल बाईपास रोड निवासी तनवीर, टेन काफी एंड रेस्ट्रो के नाम से हुक्का बार चलाते हैं। शाहपुर इलाके के कुछ युवक-युवतियां सोमवार की रात हुक्का बार में जन्मदिन मनाने आए थे। इसके लिए उन्होंने हुक्का बार में बाकायदा बुकिंग कराई थी। केक काटने के बाद युवक-युवतियां डीजे पर डांस कर रहे थे।
इसी बीच कुछ बाहरी लड़के बार में घुस आए और हुक्का पीने के बाद वे भी डांस में शामिल हो गए। जन्म दिन मना रहे युवकों ने पहले तो नजरअंदाज किया लेकिन बाहरी लड़के अपनी फरमाइश का गाना बजाने के लिए कहे तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट की खबर मिलने पर हुक्का बार पहुंचे पादरी बाजार चौकी इंचार्ज सुनी कुमार गुप्त ने सात युवकों को हिरासत में ले लिया है। शाहपुर थानेदार सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सात युवकों को हिरासत में लिया गया है। टेन काफी एंड रेस्ट्रो के संचालक तनवीर पहले जंगल मातादीन में प्लाजा बी के नाम से हुक्का बार चलाते थे। वहां से भी मारपीट की अक्सर शिकायत मिलती रहती थी। कालोनी के लोगों के विरोध की वजह से वहां हुक्का बार बंद करना पड़ा था। हुक्का बार संचालक तनवीर को भी हिरासत में लिया गया है।