दुष्कर्म का विरोध करने पर ससुर ने बहू को अर्धनग्न कर पीटा Gorakhpur News
महिला का पति अपने चाचा की हत्या करने के आरोप में जेल में है जबकि महिला व उसके ससुर उस मामले में जमानत पर जेल से बाहर हैं। घर पर महिला व उसके ससुर रहते हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जनपद के रुद्रपुर क्षेत्र में एक हैवान ने मंगलवार की रात ससुर व बहू के रिश्ते को शर्मशार कर दिया। घर में अकेले सो रही बहू के साथ हैवान ससुर ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया, विरोध करने पर ससुर ने अर्धनग्न कर पिटाई की। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला का इलाज सीएचसी पर कराया गया। उधर महिला के शोर करने पर अपना कपड़ा छोड़ अर्धनग्न स्थिति में आरोपित फरार हो गया। पीडि़ता ने एसपी कार्यालय पहुंच अपनी शिकायत दर्ज कराई।
हत्या के आरोप में जेल में बंद है पति
रुद्रपुर कोतवाली के एक गांव की निवासी महिला का पति अपने चाचा की हत्या करने के आरोप में जेल में है, जबकि महिला व उसके ससुर उस मामले में जमानत पर जेल से बाहर हैं। घर पर महिला व उसके ससुर रहते हैं। एसपी कार्यालय पहुंची महिला ने बताया कि आए दिन ससुर परेशान करता है। रात को तो सभी हदें तोड़ दी। कमरे में घुस गया और अंदर से फाटक बंद कर दिया। मेरे साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा, जब मैंने विरोध किया तो पास में ही मौजूद डंडे से मेरी पिटाई की। महिला ने अपने शरीर पर लगे चोट के निशान को भी दिखाया। महिला का कहना है कि ससुर घर छोड़कर फरार हो गया है। कोतवाल अरुण मौर्या ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी को दबिश भी दी गई है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।
प्रेमी के घर प्रेमिका ने डाला डेरा, प्रेमी फरार
देवरिया जनपद के ही लार थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती मईल थाना क्षेत्र के एक युवक से प्रेम करती है। एक दिन पूर्व दोनों का प्रेम इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों न्यायालय में शादी करने के लिए पहुंच गए, लेकिन पैसा कम होने के चलते शादी नहीं हो सकी। वापस आने पर प्रेमिका ने अपने घर जना से मना कर दिया। उसके बाद दोनो मंदिर में शादी करने के लिए पहुंच गए। किसी ने यूपी 112 नंबर पर फोन कर दिया। पुलिस ने पहुंच कर दोनों को भगा दिया। प्रेमी अपने घर चला गया। उसके कुछ देर बाद प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गई और दरवाजे पर बैठ गई। उसका कहना है कि वह प्रेमी के साथ ही रहेगी। वह घर नहीं जाएगी। जबकि प्रेमी घर छोड़कर फरार हो गया है। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है।