सीएम योगी के गढ़ में पार्टियों ने झोंकी ताकत- कांग्रेस, सपा-बसपा के पूर्व मंत्री, विधायक भी मैदान में उतरे
मुख्यमंत्री के गढ़ में कौन-कितने पानी में इसकी थाह लगाने के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। भाजपा जहां हर वार्ड में जनसभा और घर-घर दस्तक देकर अपने प्रत्याशियों को जिताने की तैयारी में है।
गोरखपुर, जेएनएन। विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायत चुनाव में पार्टी ही नहीं उनके माननीयों का रसूख भी दांव पर है। मुख्यमंत्री के गढ़ में कौन-कितने पानी में इसकी थाह लगाने के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। भाजपा जहां हर वार्ड में जनसभा और घर-घर दस्तक देकर अपने प्रत्याशियों को जिताने की तैयारी में है, वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अपनी युवा टीम के साथ सरकार की नाकामियों का प्रचार-प्रसार करने की योजना बना रहे हैं। सपा ने अपने प्रत्याशियों को जिताने का जिम्मा पार्टी के कद्दावर नेताओं के कंधे पर डाल रखा है तो बसपा के पूर्व सांसद, मंत्री और विधायक अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोटरों को जोडऩे में जुटे हैं। आम आदमी पार्टी और निषाद जैसी पार्टियां भी पंचायत चुनाव के बहाने पूर्वांचल में अपनी जमीन तलाश रही हैं।
भाजपा के सांसद, विधायक हर वार्ड में करेंगे जनसभा, घर-घर जाएंगे संगठन के पदाधिकारी
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक जिला पंचायत की सभी सीटों पर भाजपा पूरी मजबूती से लड़ेगी। हमारी कोशिश होगी कि पूर्वांचल के हर जिला पंचायत वार्ड में कम से कम एक जनसभा जरूरी की जाए। पार्टी के सांसद, विधायक, बोर्ड अध्यक्ष-उपाध्यक्ष इन सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा संगठन के पदाधिकारी घर-घर दस्तक देकर पार्टी समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।
कांग्रेस ने भी संभाला मोर्चा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का कहना है कि पंचायत चुनाव को पार्टी पूरी गंभीरता से ले रही है। प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के बाद अब उनके पक्ष में मतदान की अपील की जाएगी। मेरे साथ संगठन के सभी पदाधिकारी भाजपा की किसान, नौजवान, गरीब, मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ न केवल घर-घर जाकर प्रचार करेंगे बल्कि कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वोट की अपील करेंगे।
समा भी मैदान में उतरी
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी बताते हैं कि पार्टी 2022 को ध्यान में रखकर पंचायत चुनाव लड़ रही है। हर वार्ड में अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए संगठन के पदाधिकारी और सांसद, विधायक लगे हुए हैं। सपा सरकार में मंत्री रहे ब्रह्माशंकर त्रिपाठी, राधेश्याम सिंह जैसा कद्दावर नेता भी प्रत्याशियों की जीत के लिए समीकरण साधने में जुटे हैं।
विधायक विनय शंकर तिवारी के मुताबिक बसपा के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा की जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। जिलाध्यक्ष घनश्याम राही बताते हैं कि प्रत्याशी अपने स्तर से तो प्रचार कर ही रहे हैं, संगठन भी बूथ स्तर पर उनकी जीत के लिए मतदाताओं को सहेज रहा है। उधर, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद और आम आदमी पार्टी ने भी लगभग सभी जिलों में प्रत्याशियों की घोषणा कर अपनी जमीन मजबूत कर रहा है।