नगर निगम के प्रवर्तन बल ने गोलघर में किया गया 200 वाहनों का चालान
नगर निगम के प्रवर्तन बल ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर 29 नवंबर को गोलघर में शास्त्री चौक से काली मंदिर तक 200 वाहनों का चालान किया गया। लोगों से मल्टीलेवल पार्किंग में ही गाडिय़ां खड़ी करने की अपील की गई।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता । नगर निगम के प्रवर्तन बल ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर 29 नवंबर को गोलघर में शास्त्री चौक से काली मंदिर तक 200 वाहनों का चालान किया गया। लोगों से मल्टीलेवल पार्किंग में ही गाडिय़ां खड़ी करने की अपील की गई। नो वेंडिंग जोन में दुकान लगाने वालों को म्यूजिकल फाउंटेशन के पास ठेला लगाने को कहा गया।
चलाया गया महाअभियान
प्रवर्तन बल प्रभारी कर्नल सीपी सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त अविनाश सिंह के निर्देश पर 29 नवंबर को महाअभियान चलाया गया। सीओ ट्रैफिक जेपी सिंह के साथ चलाए गए अभियान में लोगों को जागरूक भी किया गया। बताया कि गोलघर को जाम से निजात दिलाने के लिए कई जगहों से अतिक्रमण भी हटाया गया। दुकानों के सामने फुटपाथ पर रखे गए सामानों को भी हटवाया गया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि दोबारा फुटपाथ पर अतिक्रमण करेंगे तो जुर्माना वसूला जाएगा।
हादसे में संतकबीरनगर के कांग्रेस नेता की मौत
संतकबीरनगर के कांग्रेस नेता व फिशरमैन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जीतन राम निषाद की 29 नवंबर को सर्किट हाउसे पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह सर्किट हाउस में चल रही कांग्रेस की स्क्रीिनिंग कमेटी की बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश साहनी के साथ आए थे। उनकी मौत की सूचना के बाद कांग्रेस के अन्य नेता स्तब्ध रह गए। सतीश साहनी को भी हल्की चोट आई है।
फिशरमैन कांगेस के थे जिलाध्यक्ष
संतकबीरनगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र स्थित देवकली गांव निवासी जीतन राम निषाद फिशरमैन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष थे। 29 नवंबर को वह फिशरमैन कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश साहनी के साथ गोरखपुर में सर्किट हाउस में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में शामिल होने आए थे। बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस मोड़ के पास ही एक अन्य बाइक सवार से इनकी बाइक टकरा गई। सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। मौत की खबर सामने आने के बाद अन्य कांग्रेसियों ने शोक व्यक्त किया। फिशरमैन कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश साहनी ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि दी।