बंदरों ने गुल कर दी शहर के दो हजार घरों की बिजली Gorakhpur News
सुबह बंदरों का झुंड अलीनगर की ओर से सुमेर सागर की तरफ आया। कुछ बंदर पोल से जुड़ी केबिल पकड़कर झूलने लगे। इसी बीच न्यू स्टाइल हेयर ड्रेसर दुकान के सामने लगा पोल झुक गया।
गोरखपुर, जेएनएन। कोतवाली क्षेत्र के सुमेर सागर में सुबह पांच बजे बंदरों के कूदने से हाईटेंशन लाइन का पोल झुक गया। तारों के टकराने से आवाज हुई तो अफरातफरी मच गई। पोल झुकते ही दो हजार से ज्यादा घरों की आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर दो बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी। रक्षाबंधन पर्व पर नौ घंटे बिजली न रहने से उमस भरी गर्मी में लोगों का बुरा हाल रहा।
केबिल पकड़कर झूलने लगे बंदर
सुबह बंदरों का झुंड अलीनगर की ओर से सुमेर सागर की तरफ आया। कुछ बंदर पोल से जुड़ी केबिल पकड़कर झूलने लगे। इसी बीच न्यू स्टाइल हेयर ड्रेसर दुकान के सामने लगा पोल झुक गया। इसी पोल पर एलटी लाइन भी गुजरी है। पोल झुकने से तार आपस में टकराने लगे। गनीमत रही कि सुबह का समय होने के कारण सड़क पर इक्का-दुक्का लोग ही थे।
सिपाहियों को जानकारी दी, बंद हुआ रास्ता
तार आपस में टकराने की आवाज सुनकर लोग भी किनारे की तरफ भागे। नागरिकों ने थोड़ी दूरी पर पिकेट के सिपाहियों को जानकारी दी तो उन्होंने रास्ता बंद कराया। इसके बाद बिजली निगम के अफसरों को सूचना दी गई। बिजली न होने के कारण पानी की समस्या खड़ी हो गई।
गोलघर के अवर अभियंता मुन्नी लाल ने बताया कि दो ट्रांसफार्मर को छोड़कर अन्य इलाके में आपूर्ति जल्द बहाल कर दी गई थी। बचे दो ट्रांसफार्मर से जुड़े उपभोक्ताओं की आपूर्ति दो बजे बहाल कर दी गई।
बारिश में दग रहे ट्रांसफार्मर
उल्लेखनीय है कि बरसात के कारण शहर से लेकर देहात तक के बिजली के ट्रांसफार्मर लगातार दग जा रहे हैं। खराब ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश हैं पर यहां पर ऐसा नहीं हो रहा है। ट्रांसफार्मर ठीक होने में कई-कई दिन लग जा रहे हैं। इससे उपभोक्ता काफी परेशान हैं। इधर बंदरों के उत्पात से लोगों के घरों की बिजली गुल हो रही है।