गोरखपुर में चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, बिजली निगम से मांगा 220 किलोवाट का कनेक्शन Gorakhpur News
नागरिकों की सहूलियत के लिए नगर विकास विभाग शहर को 25 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करा रहा है। इलेक्ट्रिक बसें शहर के दो रूट पर चलेंगी। बसों को चार्ज के लिए 220 किलोवाट बिजली मांगा गया है
गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति आवास के सामने इलेक्ट्रिक बसों का चार्जिंग स्टेशन बनाने का निर्णय लिया है। कचहरी बस स्टेशन के बगल में स्थित आवास के सामने नगर निगम का स्टोर है। यहां पांच बसें चार्ज की जाएंगी।
शहर के दो रूटों पर चलेंगी बसें
नागरिकों की सहूलियत के लिए नगर विकास विभाग शहर को 25 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करा रहा है। इसके लिए कैबिनेट से मंजूरी भी मिल गई है। इलेक्ट्रिक बसें शहर के दो रूट पर चलेंगी। बसों को चार्ज करने के लिए नगर निगम महेसरा में चार्जिंग प्वाइंट बनवाएगा। इस पर काम चल रहा है। इस बीच हवाई यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर स्थित वाहन स्टैंड तक ले आने व ले जाने के लिए इलेक्ट्रिक बस चलाने का निर्णय लिया।
220 किलोवाट होगी क्षमता
नगर निगम प्रशासन ने बिजली निगम को पत्र लिखकर कुलपति आवास के सामने स्थित स्टोर में 220 किलोवाट क्षमता का कनेक्शन देने का अनुरोध किया है। कनेक्शन मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन चार्जिंग स्टेशन बनाएगा।
महेसरा में अभी देर
महेसरा में नगर निगम इलेक्ट्रिक बस डिपो और चार्जिंग प्वाइंट बनाएगा। नगर निगम ने बिजली निगम को पत्र लिखकर कनेक्शन मांगा है। हालांकि महेसरा में चार्जिंग स्टेशन और बस डिपो बनाने में अभी देर है।
पांच बसें सिर्फ एयरपोर्ट यात्रियों के लिए
इस संबंध में नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि महेसरा में चार्जिंग स्टेशन बनाने में अभी देर है। एयरपोर्ट के यात्रियों की सुविधा के लिए पांच इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना बन रही है। इन बसों को चार्ज करने के लिए कुलपति आवास के सामने स्थित स्टोर में चार्जिंग प्वाइंट बनाया जाएगा। इस पर काम शुरू हो गया है।