मनरेगा मजदूरों का बनेगा ई-श्रम कार्ड, मिलेगा योजनाओं का लाभ
कुशीनगर मनरेगा मजदूरों का अब ई-श्रम कार्ड बनेगा। इसके जरिये श्रमिक रोजगार के साथ ही श्रम
कुशीनगर: मनरेगा मजदूरों का अब ई-श्रम कार्ड बनेगा। इसके जरिये श्रमिक रोजगार के साथ ही श्रम विभाग से संचालित योजनाओं का लाभ पाने के भी हकदार बन जाएंगे। शासन के निर्देश के बाद विभाग शत-प्रतिशत मनरेगा श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने में जुटा हुआ है।
श्रम विभाग की ओर से तमाम अनुदान व पुरस्कार योजनाएं संचालित की जाती हैं। इन योजनाओं का लाभ असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कामगारों को उपलब्ध कराने का निर्देश है। मसलन, बढ़ई, नाई, धोबी, मोची, राजगीर, दिहाड़ी मजदूर समेत 40 प्रकार के काम करने वाले कामगार इन योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। शासन ने मनरेगा मजदूरों को भी इससे जोड़ दिया है। उनका भी श्रम विभाग के ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने का निर्देश है, ताकि उन्हें भी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। शासन की मंशा के अनुरूप श्रम विभाग व मनरेगा से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी शत-प्रतिशत मजदूरों का पोर्टल पर पंजीकरण कराने में जुटे हुए हैं। मनरेगा एपीओ समेत ग्राम पंचायत सचिवों व अन्य विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को योजना के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संचालित योजनाएं -श्रम विभाग से मातृत्व शिशु व पालिका मदद, संत रविदास शिक्षा सहायता, मेधावी छात्र पुरस्कार, आवासीय विद्यालय, कौशल विकास व तकनीकी उन्नयन, सौर ऊर्जा सहायता, कन्या विवाह, आवास सहायता योजना संचालित की जाती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री जन आरोग्य व मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा। श्रमिकों को पांच लाख तक मुफ्त इलाज व आश्रितों को दो लाख तक दुर्घटना क्लेम दिया जाएगा। सीएससी से करा सकते हैं पंजीकरण श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि श्रमिकों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए दफ्तर नहीं आना होगा, बल्कि किसी भी सहज जनसेवा केंद्र से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्हें जरूरी दस्तावेज लेकर जाना होगा। आसानी से आनलाइन पंजीकरण हो जाएगा। जिले में 247040 सक्रिय मनरेगा मजदूर हैं।
---
शासन से शत-प्रतिशत मनरेगा मजदूरों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराकर कार्ड बनवाने का निर्देश है। इसको लेकर विभागीय कर्मियों को निर्देशित किया गया है। सभी मजदूरों का पंजीकरण कराया जाएगा, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके। राकेश, उपायुक्त मनरेगा