बरात विदाई के दौरान महिलाओं से की छेड़खानी तो जमकर हुई मारपीट, 28 लोगों पर हुआ मुकदमा Gorakhpur News
डुमरियागं के एक गांव में बरात विदाई के दौरान समुदाय विशेष के कुछ मनचलों ने महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी की। विरोध पर मारपीट कर घायल कर दिए जाने के मामले में डुमरियागंज पुलिस ने तीन नामजद सहित 25 अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत किया है।
गोरखपुर, जेएनएन : सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागं क्षेत्र के एक गांव में बरात विदाई के दौरान समुदाय विशेष के कुछ मनचलों ने महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर उन्हें मारपीट कर घायल कर दिए जाने के मामले में डुमरियागंज पुलिस ने तीन नामजद सहित 25 अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
बरात विदा करने के लिए काली मंदिर पहुंची थीं महिलाएं
इस गांव में शाम सात बजे गांव की महिलाएं एक लड़के की शादी के लिए बरात विदा करने गांव के काली मंदिर पहुंची थीं। यहां पर गांव के ही नसीम, कासिम और लाला महिलाओं के साथ छेड़खानी और गलत हरकत करने लगे। मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो इन्होंने कुछ और लोगों को बुलाया तथा दिलीप, संजय तथा रंगीलाल को मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की सूचना पर विधायक पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। गांव के संतराम यादव की तहरीर और विधायक के निर्देश पर पुलिस ने आनन-फानन मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल केडी सिंह ने बताया कि तीन नामजद सहित अन्य 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।
नाबालिग के अपहरण के मामले में चार पर मुकदमा
इटवा थानांतर्गत एक गांव में नाबालिग लड़की का अपहरण करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। लड़की को बरामद कर लिया गया है, जबकि आरोपितों की तलाश में पुलिस जुट गई है। गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाने पर तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि ग्राम देवरिया निवासी अब्दुल वाहिद, उसकी मां तथा शफीक व रफीक ने मिलकर उनकी 14 वर्ष की नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया। इस पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और खोजबीन में लग गई। गांव से थोड़ी दूरी पर लड़की को बरामद कर लिया गया। आरोपित भागने में सफल रहे। पुलिस लड़की को थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी की तलाश की जा रही है। लड़की का मेडिकल व बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।