घबराइए नहीं, सांस लेने में दिक्कत हुई तो घर पर आक्सीजन लेकर पहुंची आरआरटी Gorakhpur News
कोरोना संक्रमित लोगों के इलाज के लिए की जा रही व्यवस्था के क्रम में प्रशासन ने एक और निर्णय लिया है। होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को यदि सांस लेने में दिक्कत हुई तो रैपिड रेस्पांस टीम (आरआरटी) उन तक आक्सीजन सिलेंडर पहुंचाएगी।
गोरखपुर, जेएनएन : कोरोना संक्रमित लोगों के इलाज के लिए की जा रही व्यवस्था के क्रम में प्रशासन ने एक और निर्णय लिया है। होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को यदि सांस लेने में दिक्कत हुई तो रैपिड रेस्पांस टीम (आरआरटी) उन तक आक्सीजन सिलेंडर पहुंचाएगी। इसके लिए छोटे आक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था भी की जाएगी। जिला प्रशासन जल्द ही यह कार्य शुरू करने जा रहा है। इस कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए आरआरटी की संख्या 24 से बढ़ाकर 44 कर दी गई है। करीब सात हजार छोटे आक्सीजन सिलेंडर की भी व्यवस्था की जाएगी।
कई लोगों को हो रही सांस लेने में दिक्कत
कोरोना संक्रमण के कारण कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। जिले में लगातार कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए अस्पतालों की संख्या भी बढ़ायी जा रही है। वहां आक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन स्तर पर व्यवस्था बनायी गई है। होम आइसोलेशन में रह रहे कई लोगों को भी आक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। छोटे सिलेंडर की कमी होने के कारण सभी को घर में आक्सीजन मिल पाना आसान नहीं है। ऐसी स्थिति में आरआरटी का सहारा लिया जा रहा है।
क्या करती है आरआरटी
कोविड पाजिटिव पाए जाने वाले जो लोग होम आइसोलेशन में हैं, उनके घर जाकर यह टीम उनकी स्थिति की जानकारी लेती है। बचाव को लेकर उपाय भी बताए जाते हैं। यदि कोई मरीज गंभीर मिलता है या पहले से कोई दिक्कत होती है, तो उसे अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी जाती है। यह टीम अब ऐसे लोगों की भी पहचान करेगी, जिन्हें आक्सीजन की जरूरत है। उन्हें आक्सीजन सिलेंडर मुहैया कराया जाएगा। मरीज के पूरी तरह से ठीक होने के बाद सिलेंडर जमा करा लिया जाएगा।
डाक्टर की पर्ची के साथ भरवा सकेंगे सिलेंडर
यदि व्यक्तिगत रूप से किसी के पास आक्सीजन सिलेंडर मौजूद है और वह उसे रिफिल कराना चाहता है, तो डाक्टर की पर्ची के साथ गीडा स्थित आक्सीजन प्लांट से रिफिल करवा सकता है। प्रशासन ऐसे लोगों के लिए भविष्य में कचहरी क्लब से आक्सीजन वितरण की व्यवस्था करने की तैयारी में है।
होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को मुहैया कराया जाएगा आक्सीजन सिलेंडर
जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन ने कहा कि होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को भी आक्सीजन सिलेंडर मुहैया कराया जाएगा। यह कार्य आरआरटी के जरिए होगा। इसके लिए छोटे आक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की जाएगी। डाक्टर की पर्ची के साथ व्यक्तिगत रूप से भी कोई सिलेंडर भरवा सकेगा।