गोरखपुर में पूजा कालेज आफ फार्मेसी ट्रस्ट को लेकर बाप-बेटे में विवाद, जालसाजी का केस Gorakhpur News
ट्रस्ट में कृष्ण मोहन खुद अध्यक्ष और पत्नी कौशल्या प्रसाद तथा तीन पुत्रों को न्यासी बनाया था। ट्रस्ट द्वारा गुलरिहा के करमहा में पूजा कालेज आफ फार्मेसी का संचालन किया जाता है। जिसे बड़े बेटे राजेश कुमार रैना संभालते थे।
गोरखपुर, जेएनएन। गुलरिहा पुलिस ने पूजा कालेज आफ फार्मेसी ट्रस्ट के विवाद में केस दर्ज कर लिया है। पिता ने अपने बड़े बेटे पर जालसाजी कर छोटे भाइयों का हिस्सा हड़पने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।गुलरिहा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मर्चेट नेवी में मुख्य अभियंता के पद पर कार्यरत रहे कृष्ण मोहन प्रसाद तिवारीपुर के सूर्यविहार कालोनी में रहते हैं। गुलरिहा पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने लिखा है कि 17 अप्रैल 2006 को उन्होंने पूजा एजुकेशनल एंड सोशल डेवलपमेंट ट्रस्ट का गठन किया था। ट्रस्ट में कृष्ण मोहन खुद अध्यक्ष और पत्नी कौशल्या प्रसाद तथा तीन पुत्रों को न्यासी बनाया था। ट्रस्ट द्वारा गुलरिहा के करमहा में पूजा कालेज आफ फार्मेसी का संचालन किया जाता है। जिसे बड़े बेटे राजेश कुमार रैना संभालते थे। दो अन्य पुत्र राकेश कुमार रैना और योगेश कुमार रैना उनका सहयोग करते थे। लेकिन राजेश ने कालेज के खाते से गबन कर लिया। बाद में उनका और दो भाइयों का हक हड़पने के लिए फर्जी हस्ताक्षर बनाकर आठ मार्च 2021 को उप निबंधन कार्यालय में त्यागपत्र दे दिया।फिर से न्यासमंडल का गठन कर सबका हिस्सा हड़प लिया।प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा विनोद अग्निहोत्री ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी।
भूमि विवाद में मारपीट, मुकदमा
पीपीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रमवापुर में रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गए। इसमें एक पक्ष त्रियोगी व शर्मावती देवी तथा दूसरे पक्ष से सुरेन्द्र कुमार व चन्द्रजीत, विपिन के विरुद्ध पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की है। इसी क्रम में पीपीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बुढेली में भूमि विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष से संगीता देवी व प्रियंका घायल हो गईं। पुलिस ने संगीता की तहरीर पर धनंजय व गोविंद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
आक्सीजन सिलेंडर चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार
गीडा थाना पुलिस ने रविवार सुबह 10 बजे आक्सीजन सिलेंडर चोरी के आरोप में जय किशन निषाद निवासी महेवा, थाना रामगढ़ताल को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपित के पास से एक चोरी का सिलेंडर भी मिला है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करके उसे जेल भेज दिया है।