गोरखपुर से मुंबई के लिए शुरू हुई सीधी उड़ान, पहले दिन फुल रहीं सभी सीटें
गोरखपुर से मुंबई के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है। एयरपोर्ट निदेशक और स्पाइस जेट के एयरपोर्ट मैनेजर ने एयरपोर्ट परिसर में केक काटकर सेवा का शुभारंभ किया।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर से मुंबई के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है। स्पाइस जेट और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पहले ही उड़ान की तैयारी कर ली थी। एयरपोर्ट निदेशक और स्पाइस जेट के एयरपोर्ट मैनेजर ने एयरपोर्ट परिसर में केक काटकर सेवा का शुभारंभ किया।
स्पाइस जेट का 189 सीट वाला विमान गोरखपुर से मुंबई के लिए प्रतिदिन उड़ान भरेगा। रविवार को दोपहर 12.15 बजे मुंबई से यात्रियों को लेकर दोपहर 2.30 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा। दोपहर बाद 3.15 बजे यात्रियों को लेकर रवाना होगा। शाम 5.30 बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचेगा।
रविवार को गोरखपुर में विमान के पहुंचने पर एयरपोर्ट निदेशक अनिल द्विवेदी और स्पाइस जेट कंपनी एयरपोर्ट मैनेजर जेके सिंह केक काटा। पहले दिन मुंबई से गोरखपुर 185 यात्री आए और गोरखपुर से मुंबई 186 यात्री गए।
दो विमानों का शेड्यूल बदला
समर शेड्यूल में दिल्ली और बंगलुरु आने-जाने वाले दो विमानों का समय बदल गया है। दिल्ली से रोजाना दोपहर 12.25 बजे आने वाला स्पाइस जेट का विमान आज से दोपहर 12.55 बजे गोरखपुर पहुंचेगा। दोपहर 1.25 बजे यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना होगा। दोपहर 2:30 बजे बंगलुरु से रोजाना आने वाला इंडिगो का विमान अब 1:45 बजे गोरखपुर पहुंच जाएगा। दोपहर 2:15 बजे यात्रियों को लेकर बंगलुरु रवाना हो जाएगा।