Air Service: गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए 22 जनवरी से सीधी उड़ान, शुरू हुई टिकटों की बिक्री
गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए 22 जनवरी से सीधी उड़ान शुरू हो जाएगी। इसके लिए टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। इंडिगो ने 30 नवंबर 2020 को गोरखपुर से बेंगलुरु की उड़ान को बंद कर दिया था।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए 22 जनवरी से सीधी उड़ान शुरू हो जाएगी। विमान कंपनी इंडिगो ने नान स्टाप फ्लाइट की बुकिंग शुरू कर दी है। दोनों शहर के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही गोरखपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमानों की संख्या 10 हो जाएगी।
30 नवंबर से बंद थी उड़ान
तकनीकी वजह से विमानन कंपनी इंडिगो ने 30 नवंबर 2020 को गोरखपुर से बेंगलुरु की उड़ान बंद कर दिया था। विमानन कंपनी की ओर से बताया गया कि विमान को मरम्मत के लिए भेजा गया है। बेंगलुरु आने-जाने वाले यात्री कनेक्टिंग फ्लाइट से कोलकाता या हैदराबाद होते हुए आते -जाते हैं। जिसमें समय ज्यादा लगता है। एयरपोर्ट निदेशक प्रभाकर बाजपेई ने बताया कि सदर सांसद रवि किशन की पहल दोनों शहर के लिए दोबारा उड़ान शुरू हुई है। इंडिगो का 180 सीटर विमान रोजाना सुबह 8.30 बजे बेंगलुरु से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां से आधे घंटे बाद बेंगलुरु लौट जाएगा। टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है।
ट्रेन से लगते हैं 50 घंटे
ट्रेन से बेंगलुरु की यात्रा करने पर कम से कम 50 घंटे लगते हैं, जबकि जहाज से यात्रा करनेे में महज ढाई घंटे ही लगते हैं। गोरखपुर से हवाई सेवा बंद होने के बाद छात्रों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोरखपुर और आसपास के जिलों के काफी छात्र बेंगलुरु में पढ़ते हैं।
सात जनवरी 2019 को शुरू हुई थी सीधी उड़ान
गोरखपुर से बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा सात जनवरी 2019 को शुरू हुई थी। 30 नवंबर तक बिना रुकावट के उड़ान जारी रही। किराया भी चार से छह हजार के बीच रहने की वजह से लोग बेंगलुरु जाने या वहां से आने के लिए इसका इस्तेमाल करते थे।
सांसद ने कहा चेन्नई, पुणे व अहमदाबाद की उड़ान जल्द
सदर सांसद रवि किशन ने कहा कि बेंगलुरु की उड़ान शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। पहले बंगलुरु जाने के लिए लखनऊ या कोलकाता जाना पड़ता था। जिसमें छह से आठ घंटे का समय लगता था। अब यात्रियों को फालतू की भाग दौड़ नहीं करनी पड़ेगी। कोशिश है कि जल्द ही गोरखपुर से चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद के लिए भी हवाई सेवा शुरू हो जाए। इसको लेकर प्रयास जारी है।