देवरिया के युवक को जालंधर में राड से पीटकर मार डाला
देवरिया जिले के कोहरा गांव के युवक की पंजाब के जालंधर में राड से पीटकर हत्या कर दी गई। उसके स्वजन को जानकारी मिली तो परिवार में मातम छा गया। हर तरफ चित्कार सुनाई देने लगा। सूचना पर परिवार व गांव के लोग जालंधर के लिए रवाना हो गए।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता : देवरिया जिले के कोहरा गांव के युवक की पंजाब के जालंधर में राड से पीटकर हत्या कर दी गई। उसके स्वजन को जानकारी मिली तो परिवार में मातम छा गया। हर तरफ चित्कार सुनाई देने लगा। सूचना के बाद परिवार व गांव के कुछ लोग जालंधर के लिए रवाना हो गए।
जालंधर में शापिंग माल निर्माण में कर रहे थे काम
कोहरा गांव के रहने वाले नंद कुमार भुज में काम करते हैं। उनके बड़े बेटे धर्मवीर कुमार होनहार थे। वह जालंधर में एक शापिंग माल निर्माण में ठीकेदार के साथ काम करते थे। देर रात उनकी राड से पीट कर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना गांव आई तो परिवार के लोग विलाप करने लगे। मां ध्रुपति देवी रोते-रोते बेहोश हो जाती। बहन का भी रोते-रोते बुरा हाल हो गया। धर्मवीर होली में गांव आए थे। इस बीच कोरोना संक्रमण तेज होने के चलते गांव रुक गए थे। डेढ़ माह पहले ही जालंधर गए थे। उनकी मां का आरोप है कि साजिश के तहत बेटे की हत्या की गई है। हत्यारों को फांसी की सजा होनी चाहिए। अगल-बगल के लोग स्वजन को सांत्वना देने में लगे थे।
झोपड़ी में मिला अधेड़ का शव, हत्या की आशंका
देवरिया सदर कोतवाली के पिपरपाती पुलिया के समीप स्थित एक झोपड़ी से अधेड़ का शव कोतवाली पुलिस ने बरामद किया। स्वजन अधेड़ की हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
अपनी बहन के घर आए थे अनिल
सलेमपुर कोतवाली के ग्राम बिगही के रहने वाले अनिल कुमार गोंड की तबीयत खराब हुई तो वह दस दिन पहले अपनी बहन के घर देवरिया आ गए। उनकी बहन की झोपड़ी पिपरपाती पुलिया के पास भी है। अनिल उसी झोपड़ी में रुके थे। तीन दिन से अनिल की बेटी पिंकी काल कर रही थी, लेकिन मोबाइल रिसीव नहीं हो रहा था। रात को नहर में मछली मार रहे युवकों को दुर्गंध महसूस हुई तो वह झोपड़ी में गए और देखा तो अवाक रह गए। अनिल का शव चारपाई पर पड़ा था और बदबू आ रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराते हुए पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाल राजू सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।