Gorakhpur Vaccination: गोरखपुर में पहली डोज लगवा चुके लोगों का डाटा पोर्टल पर फीड नहीं, फिर से सत्यापन कराने झंझट बढ़ा
संक्रामक रोग विभाग में को-वैक्सीन लगाई जा रही है। योगेश दूबे राम आधार किरन कुमार सहित करीब 10 लोग ऐसे पहुंचे जिन्होंने एक माह पूर्व पहली डोज लगवा ली थी। लेकिन उसकी तस्दीक पोर्टल नहीं कर रहा था।
गोरखपुर, जेएनएन। कोविड टीकाकरण अभियान में कभी पोर्टल लोगों को परेशान कर रहा है तो कभी कर्मचारियों की लापरवाही। पहली डोल लगवा चुके अनेक लोगों को संक्रामक रोग विभाग से वापस होना पड़ा क्योंकि उनके पहली डोज की तस्दीक पोर्टल नहीं कर रहा था। उनसे कहा गया कि फिर से सत्यापन कराइए, तब वैक्सीन की पहली डोज लगाई जाएगी। कर्मचारियों की लापरवाही के चलते अनेक लोग परेशान हुए।
संक्रामक रोग विभाग में को-वैक्सीन लगाई जा रही है। योगेश दूबे, राम आधार, किरन कुमार सहित करीब 10 लोग ऐसे पहुंचे जिन्होंने एक माह पूर्व पहली डोज लगवा ली थी। लेकिन उसकी तस्दीक पोर्टल नहीं कर रहा था। उनसे कहा गया आप पुन: जाकर सत्यापन कराइए तो डोज लगा दी जाएगी लेकिन वह पोर्टल पर पहली डोज के रूप में प्रदर्शित होगी। अब इनके सामने संकट यह उत्पन्न हो गया कि दूसरी डोज के नाम पर पहली डोज लगवाएं तो कोरोना से सुरक्षित तो हो जाएंगे लेकिन भारत सरकार का प्रमाण पत्र कैसे मिलेगा? क्योंकि तीन डोज लगवा नहीं सकते। इसलिए पोर्टल पर फाइनल डोज शो नहीं होगी।
अनेक बूथों पर खत्म हो गई वैक्सीन
बता दें कि मंगलवार को अनेक बूथों पर वैक्सीन खत्म हो गई थी। धूप में खड़े लोग दो घंटे तक इंतजार करते रहे। सीएमओ कार्यालय पर कर्मचारी भेजा गया। पुन: वैक्सीन पहुंची तो लोगों को टीका लगाया गया। सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने कहा कि बूथों को एक दिन पहले वैक्सीन मंगा लेनी चाहिए। आगे से ऐसी दिक्कत नहीं आएगी।
9891 लोगों को लगाया गया टीका
कोविड टीकाकरण अभियान में 9891 लोगों को टीका लगाया गया। 8663 लोगों को पहली व 1228 को दूसरी डोज लगाई गई। बूथों पर उत्सव व उल्लास का माहौल था। किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल व संक्रामक रोग विभाग का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
आई आठ हजार डोज
जिले को आठ हजार डोज कोविशील्ड वैक्सीन मिल गई, जो मुंबई से फ्लाइट से आई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने बताया कि बुधवार को 70 से अधिक बूथों पर टीकाकरण होगा। इसके अलावा कार्यालयों में जाकर भी टीका लगाया जाएगा।