एडीजी कार्यालय में महिला ने की खुदकुशी की कोशिश
गोरखपुर: एडीजी जोन कार्यालय में मंगलवार को फरियाद लेकर पहुंची उर्मिला देवी (55 वर्ष) ने अपने ऊपर मि
गोरखपुर: एडीजी जोन कार्यालय में मंगलवार को फरियाद लेकर पहुंची उर्मिला देवी (55 वर्ष) ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर खुदकुशी की कोशिश कर सबको सकते में डाल दिया। कार्यालय परिसर में मौजूद महिला सिपाही संगीता की समझदारी से उसकी जान बचाई जा सकी।
बाद में उसने बताया कि पति के घर से निकाल देने के कारण परेशान होकर खुदकुशी की कोशिश की है। कैंट पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एडीजी दावा शेरपा ने उसकी तहरीर पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
---
गैलन में साथ लेकर पहुंची थी मिट्टी का तेल
अहिरौली कुशीनगर के सुम्माटार निवासी बेगलाल की पत्नी उर्मिला देवी मंगलवार को दिन में एक बजे के आसपास एडीजी जोन दावा शेरपा के कार्यालय में पहुंची। उसे एक हाथ में झोला व दूसरे में मिट्टी के तेल से भरा गैलन था। परिसर में पहुंचकर वह गेट के सामने खड़ी हो गई और मिट्टी का तेल अपने ऊपर उड़ेलने के बाद माचिस जलाकर आग लगाने की कोशिश करने लगी।
---
25 साल पहले पति ने निकाल दिया था घर से : घटना की जानकारी होते ही एडीजी दावा शेरपा कार्यालय से बाहर आ गए। महिला ने उनको बताया कि उनकी शादी के पहले से ही पति का अपनी भाभी से अवैध चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। इससे नाराज होकर पति ने 25 साल पहले उन्हें घर से निकाल दिया था। उस समय उनकी शिकायत पर अहिरौली के थानेदार ने पति के हिस्से के खेत का कुछ हिस्सा उन्हें दिला दिया था तथा घर के पास ही रहने के लिए थोड़ी सी जमीन की व्यवस्था करा दी। उसी जमीन पर वह झोपड़ी डालकर बेटे के साथ रहती थीं तथा खेती कर बेटे के साथ जीवन यापन कर रही थीं। अब यहां भी उसे परेशान किया जा रहा है।
---
महिला की परेशानी सुन भावुक हुए एडीजी : महिला का आरोप है कि 11 मार्च को पति ने चार-पांच लोगों के साथ धारदार हथियार से लैस होकर बेटे के साथ उनकी हत्या करने की नीयत से घेर लिया था। किसी तरह से बचकर निकलने के बाद उसी दिन वह पिपराइच क्षेत्र के पतरा गांव स्थित मायके चली आई, तभी से वहीं रह रही है। महिला बेटे को उसका हक दिलाने के लिए परेशान थी। इसकी सुनवाई नहीं हो रही थी। इसीलिए एडीजी कार्यालय में आकर उन्होंने खुदकुशी करने का फैसला किया था। महिला की समस्या सुनने के बाद एडीजी जोन दावा शेरपा कुछ देर के लिए भावुक हो गए थे। बाद में उन्होंने महिला को मदद का आश्वासन दिया।
---
पति की वजह से उर्मिला देवी काफी परेशान हैं। वह मेरे कार्यालय आई थीं, लेकिन मुझसे मिलने की बजाय उन्होंने आग लगाकर खुदकुशी की कोशिश कर डाली। हालांकि आग लगाने से पहले ही पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। अपनी समस्या को लेकर उन्हें तहरीर देने के लिए कहा गया है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
दावा शेरपा, एडीजी जोन