बारिश में ढह गया था पूर्व विधायक का घर, नया निर्माण शुरू Gorakhpur News
हरिद्वार पांडेय मानीराम से 1980 से 85 तक विधायक रहे हैं। उनकी इमानदारी के लोग किस्से सुनाते हैं। यही कारण रहा कि उन्होंने पक्का मकान नहीं बनवा पाया।
गोरखपुर, जेएनएन। कांग्रेस के पूर्व विधायक हरिद्वार पांडेय के नए मकान का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बुधवार 29 जुलाई को भूमिपूजन के साथ मकान की आधारशिला रखी गई। निर्माण के दौरान पानी की कमी को पूरा करने के लिए गुरुवार को बोरिंग कराई गई। शुक्रवार या शनिवार से निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।
पार्टी के खर्चे पर हो रहा निर्माण
गुरुवार को ट्रैक्टर के जरिये बोरिंग कराई गई। मानीराम के पूर्व विधायक हरिद्वार पांडेय ने बताया कि निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए पानी की जरूरत थी, इसलिए पहले बोरिंग कराई गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका वाड्रा की पहल पर पार्टी अपने खर्चे पर पूर्व विधायक का घर बनवा रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित कई वरिष्ठ नेता जल्द ही श्रमदान करने के लिए आ सकते हैं।
1980 से 85 तक विधायक रहे हैं हरिद्वार पांडेय
हरिद्वार पांडेय मानीराम से 1980 से 85 तक विधायक रहे हैं। उनकी इमानदारी के लोग किस्से सुनाते हैं। यही कारण रहा कि उन्होंने पक्का मकान नहीं बनवा पाया। उनके पास खपरैल का जर्जर मकान था। पूरे परिवार के साथ पूर्व विधायक उसी मकान में रह रहे थे। उनके खपरैल के मकान का आधे से अधिक हिस्सा 12 जुलाई की रात हुई बारिश में गिर गया था। तभी से बहू एवं चार पोते-पोतियों के साथ उनका पूरा परिवार बरामदे में रहने को मजबूर था। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पण्डियन एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव सिंह सोगरवाल ने उनसे मुलाकात की थी और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 95 हजार रुपये देने का भरोसा दिलाया था।
घर ढहने का मामला पहुंचा प्रियंका वाड्रा तक
यह मामला पार्टी नेताओं के जरिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा तक पहुंचा। उनके निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व अन्य वरिष्ठ नेता उनके घर पहुंचे थे। प्रदेश अध्यक्ष ने मकान का निर्माण पार्टी की ओर से कराने की घोषणा की थी। कुछ दूसरी पार्टी के नेताओं ने भी पूर्व विधायक की आर्थिक मदद की है। भूमि पूजन के दौरान कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान सहित कई नेता उपस्थित थे।