Hathras Case: कांग्रेसियों ने स्मृति-स्वाति के पोस्टर लगाए, दोनों को गुमशुदा बताया Gorakhpur News
Hathras Case पीडि़त परिवार के पक्ष में कुछ न बोलने पर कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार की मंत्री स्मृति ईरानी और प्रदेश सरकार की मंत्री स्वाति सिंह के पोस्टर लगाए हैं। पोस्टर में दोनों मंत्रियों को गुमशुदा बताया गया है।
गोरखपुर, जेएनएन। हाथरस मामले में पीडि़त परिवार के पक्ष में कुछ न बोलने पर कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार की मंत्री स्मृति ईरानी और प्रदेश सरकार की मंत्री स्वाति सिंह के पोस्टर लगाए हैं। पोस्टर में दोनों मंत्रियों को गुमशुदा बताया गया है।
रविवार सुबह बेतियाहाता इलाके में कई जगह दो मंत्रियों को गुमशुदा बताते हुए लगे पोस्टरों को देखकर लोग हैरान रह गए। पोस्टर में लिखा है कि, 'हाथरस की बेटी को न्याय कब दिलाएंगी, दूसरे की बेटी को अपनी बेटी कब समझेंगी।' इसके नीचे स्मृति ईरानी और स्वाति सिंह की फोटो है।
पूरे देश में उबल रहा है
कांग्रेस के नेता अनवर हुसैन ने कहा कि हाथरस मामले में पूरे देश में उबाल है। समाज का हर वर्ग इसका विरोध कर रहा है लेकिन भाजपा की दोनों मंत्री चुप हैं। जब यह विपक्ष में थीं तो महिलाओं से होने वाले उत्पीडऩ के हर मामले में अपनी आवाज बुलंद करती थीं। इनको यह जानना होगा कि यह पहले महिला हैं फिर किसी राजनैतिक दल की सदस्य या कार्यकर्ता हैं। महिला उत्पीडऩ पर इनको भी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
अत्याचार की हदें पार कर रही है प्रदेश सरकार : विश्वविजय
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विश्वविजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अत्याचार की सारी हदें पार कर गई है। हाथरस में दुष्कर्म पीडि़्त बेटी के शव को परिजनों को देखने नहीं दिया गया। रातों रात उसका शव जला दिया गया। हाथरस जा रहे नेताओं को रास्ते में रोका जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की लाठियों से डरने वाले नहीं हैं। वह हाथरस की बेटी को इंसाफ दिलाकर रहेंगे।