विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, नेता तलाशने वार्डों में घूम रही पार्टी Gorakhpur News
कांग्रेस पार्टी यूपी में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। गोरखपुर में पार्टी वार्डों में अध्यक्ष के लिए नेता की तलाश में जुटी है। शहर के 70 वार्डों में अध्यक्ष की तलाश के लिए कांग्रेसी जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस वार्डों में अध्यक्ष के लिए नेता की तलाश में जुटी है। शहर के 70 वार्डों में अध्यक्ष की तलाश के लिए कांग्रेसी जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वार्डों में घूमकर युवाओं को कांग्रेस से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इन्हीं में से तेजतर्रार युवाओं का नाम अलग से नोट किया जा रहा है। पुराने कांग्रेसियों के साथ बैठक कर इन युवाओं के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी का अब तक गठन नहीं हो पाया है। महानगर अध्यक्ष का चयन कर उनको कमेटी के गठन की जिम्मेदारी दी गई है। इस बीच महानगर अध्यक्ष ने शहर में कांग्रेस को मजबूत करने और कांग्रेसियों को एकजुट करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाना शुरू कर दिया है।
वार्ड अध्यक्ष बनने को मांगे गए थे आवेदन
शहर के वार्डों में अध्यक्ष के चयन के लिए कांग्रेस कमेटी ने लोगों से आवेदन मांगे थे। कई वार्डों से आवेदन मिले भी हैं लेकिन दमदार नेता की तलाश में जुटी कांग्रेस आवेदन करने वालों के साथ ही विकल्प के रूप में भी कुछ लोगों का नाम अपने पास रखना चाहती है। मकसद यह है कि यदि आवेदन करने वाले कमजोर निकले या किसी कारण पार्टी से नहीं जुड़ पाते हैं तो दूसरे नाम पर चयन के लिए सामने रहें।
अपना कार्यालय भवन तक नहीं
कांग्रेस पार्टी के पास शहर में अपना कार्यालय भवन तक नहीं है। विजय चौक के पास कांग्रेस का कार्यालय बिकने के बाद काफी समय तक कैंट थाना के पास स्थित चारुचंद्रपुरी कॉलोनी में बैठक होती थी। अब ट्रांसपोर्टनगर में कांग्रेसियों की बैठक होती है।
शहर में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। कई वार्डों से लोगों ने अध्यक्ष बनने के लिए आवेदन किए हैं। इन आवेदकों के साथ ही वार्डों में घूमकर दूसरे तेजतर्रार लोगों का भी चयन किया जा रहा है। कम से कम तीन नाम को पुराने कांग्रेसियों के सामने रखा जाएगा। सभी को कोई न कोई जिम्मेदारी दी जाएगी। जो मिली जिम्मेदारी पर ठीक से काम करेगा, उसका चयन किया जाएगा। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। - आशुतोष तिवारी, महानगर अध्यक्ष कांग्रेस