घोषणा पत्र तैयार करने में जुटी कांग्रेस, गोरखपुर में कुलियों-रिक्शा चालकों से मिले सलमान खुर्शीद
कांग्रेस पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र तैयार करने के लिए वरिष्ठ नेता व घोषणा पत्र कमेटी के चेयरमैन सलमान खुर्शीद को गोरखपुर भेजा है। समाज के हर वर्ग से मुलाकात कर सलमान खुर्शीद समस्या जानेंगे।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में लड़ाई के लिए कांग्रेस पार्टी तैयार होने लगी है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र तैयार करने के लिए वरिष्ठ नेता व घोषणा पत्र कमेटी के चेयरमैन सलमान खुर्शीद को गोरखपुर भेजा है। समाज के हर वर्ग से मुलाकात कर सलमान खुर्शीद समस्या जानेंगे और फिर नेतृत्व के साथ मंथन कर समाधान के बिंदुओं को चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करेंगे।
रविवार सुबह सलमान खुर्शीद रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने कुलियों और रिक्शा चालकों से मुलाकात की। उनसे समस्याओं पर चर्चा की। यहां से वह सिविल लाइंस स्थित एक क्लब में आयोजित बैठक में शामिल होने चले गए।
आटो से गए क्लब
सलमान खुर्शीद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत रेलवे स्टेशन से आटो से गोरखपुर क्लब गए। उन्होंने महिला आटो चालक से भी समस्याओं पर बात की। आटो चालक ने महंगाई ज्यादा बढऩे को प्रमुख समस्या बताया।
समाज के हर वर्ग से बात
सिविल लाइंस स्थित क्लब में समाज के सभी वर्गों को बुलाया गया है। सलमान खुर्शीद ने सभी से कहा कि सभी लोग एक तरह की समस्या न बताएं। जितनी समस्या हैं उसे अलग-अलग लोग बताएं। इन समस्याओं को नोट किया जाएगा। इनके समाधान का भी नागरिक रास्ता बताएं तो घोषणा पत्र बनाने में आसानी होगी। इससे कांग्रेस सरकार बनाने के बाद समस्याओं को तत्काल दूर कराने में जुट जाएगी।
रात में कांग्रेसियों से किया मंथन
शनिवार रात शहर पहुंचे सलमान खुर्शीद ने एक होटल में वरिष्ठ कांग्रेसियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रदेश सरकार के कार्यकलापों पर बात की। कांग्रेसियों ने महंगाई, जलभराव, कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति आदि के बारे में जानकारी दी। उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने बताया कि गोरखपुर क्लब में लगभग 70 संगठनों ने मुलाकात कर अपनी मांगों को घोषणा पत्र में शामिल करने की अपील किया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव त्रिभुवन मिश्रा, सचिव परवेज खान,अमरेन्द्र मल्ल, जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, शहर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी समेत कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
जन समस्याओं को मुद्दा बनाएं कांग्रेस कार्यकर्ता
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस पूरी गंभीरता से 2022 का चुनाव लड़ेगी। सलमान खुर्शीद ने कहा कि जन समस्याओं को मुद्दा बनाकर जनता के साथ कांग्रेसियों को प्रदर्शन करना चाहिए। हमारा एकमात्र उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान कराना है।