पुलिस चौकी में हुआ समझौता, दरवाजे पर पहुंचते ही मार दी गोली Gorakhpur News
गोरखपुर में एक युवक को दिन दहाड़े उसके दरवाजे पर ही गोली मार दी गई।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के रामगढ़ ताल क्षेत्र में अजवनिया के प्रधान रामभवन के घर पर गांव के ही कुछ लोगों ने धावा बोलकर उनके बेटे रंजीत साहनी को गोली मार दी है। पंचायत चुनाव से चली आ रही रंजिश को घटना की वजह से बताई जा रही है। घटना से कुछ देर पहले ही आजादनगर चौकी में दोनों पक्षों को बुलाकर पुलिस ने समझौता कराया था। घर पहुंचते ही एक पक्ष के लोगों ने प्रधान पुत्र पर हमला कर दिया।
दिन में डेढ़ बजे के आसपास रंजीत (25) दरवाजे पर साफ-सफाई कर रहे थे। इसी बीच गांव के आठ युवक आए और उन्हें गोली मार दी। सिर और चेहरे पर कई छर्रा लगा है। परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल ले आए। जहां से प्राथमिक उपचार के उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
एसपी सिटी डा. कौस्तुभ और सहायक पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे अस्पताल पहुंचे थे। ग्राम प्रधान ने घटना के संबंध में अभी तहरीर तो नहीं दी है लेकिन बेटे पर हमला करने वाले युवकों का नाम उन्होंने अधिकारियों को बताया है। पुलिस के मुताबिक पिछले पंचायत चुनाव में रामभवन का गांव के कुछ लोगों से विवाद शुरू हो गया था। इस रंजिश में उनके बीच पहले भी कई बार मारपीट भी हो चुकी है। प्रधान से हमलावरों की जानकारी लेकर पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुरानी रंजिश में प्रधान पुत्र को गोली मारी गई है। पीडि़त परिवार से हमलावरों के बारे में जानकारी मिली है। उनकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। - रोहन प्रमोद बोत्रे, सहायक पुलिस अधीक्षक।