JP Nadda visit to Gorakhpur: गोरखपुर में वनटांगियों से विकास का रिपोर्ट कार्ड लेंगे जेपी नड्डा
जेपी नड्डा वनटांगिया गांव रजही के खाले टोला में वह वनटांगयोंं से न केवल विकास कार्यों को लेकर संवाद करेंगे बल्कि उसकी पुष्टि के लिए बूथ अध्यक्ष बलराम राजभर के घर भी जाएंगे। इस दौरान वह बूथ अध्यक्ष को चुनाव में वोट हासिल करने के लिए सहेजेंगे भी।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। चुनावी नजरिए से गोरखपुर क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों में ऊर्जा भरने सोमवार को गोरखपुर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले विकास का रिपोर्ट कार्ड लेने वनटांगियों के बीच भी जाएंगे। वनटांगिया गांव रजही के खाले टोला में वह वनटांगयोंं से न केवल विकास कार्यों को लेकर संवाद करेंगे बल्कि उसकी पुष्टि के लिए बूथ अध्यक्ष बलराम राजभर के घर भी जाएंगे। इस दौरान वह बूथ अध्यक्ष को विकास कार्यों के सहारे चुनाव में वोट हासिल करने के लिए सहेजेंगे भी।
चंपा देवी पार्क में आयोजित सम्मेलन में मौजूद रहेंगे गोरखपुर क्षेत्र के 27637 बूथ अध्यक्ष
शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर ली गई। तय कार्यक्रम के मुताबिक वह चार घंटे गोरखपुर में रहेंगे। दोपहर 12 बजे उनका एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां उनका स्वागत प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबा गोरखनाथ के दर्शन के लिए गोरखनाथ मंदिर जाएंगे। दोपहर 12:30 बजे उनका गीता प्रेस जाने का कार्यक्रम है। दोपहर एक बजे बूथ सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नड्डा चंपा देवी पार्क पहुंचेंगे। दो घंटे के सम्मेलन में वह क्षेत्र के 27637 बूथ अध्यक्षों को भाजपा के 'बूथ जीता तो चुनाव जीता' के फार्मूले पर चुनाव में बूथ जीतने का टिप्स देंगे। इस सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों के अलावा मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी उपस्थिति विशिष्ट होगी। बूथ सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष शाम साढ़े तीन बजे वनटांगियां रजही के खाले टोला पहुंचेंगे। वनटांगियों के बीच वह करीब आधा घंटा रहेंगे। सवा चार बजे वह गोरखपुर से रवाना हो जाएंगे।
बूथ अध्यक्षों को उपलब्ध कराया गया परिचय पत्र
बूथ सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पार्टी द्वारा तैयार कराया गया परिचय पत्र शनिवार को बूथ अध्यक्षों को उपलब्ध करा दिया गया। इसके लिए शनिवार को विधानसभावार बैठकों का आयोजन किया गया। बैठक में परिचय पत्र देने के साथ-साथ सम्मेलन के आयोजन का औचित्य भी बताया गया। बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन स्थल तक पहुंचने की जिम्मेदारी शक्ति केंद्र और मंडल अध्यक्षों को सौंपी गई है।
भाजपा की क्षेत्रीय टीम ने किया स्थल निरीक्षण
बूथ सम्मेलन और वनटांगिया बस्ती में राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को देखते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में क्षेत्रीय टीम ने उन स्थलों का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान तैयारी में मिली कमियों को दूर करने का व्यवस्थापकों को निर्देश दिया। निरीक्षण करने वाली टीम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा. सत्येंद्र सिन्हा, महामंत्री प्रदीप शुक्ला, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष बृजेश मणि मिश्र, महामंत्री देवेश श्रीवास्तव, प्रदेश कार्य समिति सदस्य राहुल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
निधि समर्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेने आज आएंगे चंपत राय
विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय रविवार को गोरखपुर आ रहे हैं। वह सरस्वती शिशु मंदिर पक्कीबाग में आयोजित धर्मरक्षा निधि समर्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। म शाम 3:30 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट कर्नल कृष्ण मुरारी करेंगे। इस दौरान परिषद के प्रांत अध्यक्ष श्याम बिहारी अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे।