गोरखपुर में बोले सीएम योगी- प्रतियोगी छात्रों के लिए करेंगे निश्शुल्क कोचिंग की व्यवस्था
गोरखपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार प्रतियोगी छात्रों के हित में बड़ा काम करने जा रही है। उनके लिए एक साफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। मंडल स्तर पर निश्शुल्क कोचिंग की व्यवस्था होगी।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार प्रतियोगी छात्रों के हित में बड़ा काम करने जा रही है। उनके लिए एक साफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। मंडल स्तर पर निश्शुल्क कोचिंग की व्यवस्था होगी। तैयारी के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना होगा और पैसे की कमी भी अब समस्या नहीं बनेगी।
गोरखपुर क्लब में विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा, उत्तर प्रदेश पीसीएस, शिक्षक भर्ती, नीट, जेईई मेन एवं एडवांस आदि सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उचित मार्गदर्शन मिलेगा। मेहनत करने वाले छात्रों का नुकसान नहीं होने देंगे। एक समय आएगा जब इन क्षेत्रों में प्रदेश के छात्रों का बोलबाला होगा। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, वे समय से पूरे किए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा बदल रहा गोरखपुर
शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गोरखपुर पूरी तरह से बदल रहा है। जो घोषणाएं की गइ्र थीं, उनसे अधिक विकास हुआ है।
सदर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री जब हमारे बीच होते हैं तो हम सभी ऊर्जावान महसूस होते हैं। कोरोना के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी गई है, वह सभी के लिए नजीर है। एक पूर्व मुख्यमंत्री कहते हैं कि भाजपा की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे, वह 2022 में भी अपनी हार स्वीकार कर चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ असले त्यागी हैं। हम उनके मान-सम्मान के लिए पूरे मनोयोग से काम करेंगे। कभी उन्हें नीचे नहीं गिरने देंगे।
गोरखपुर के महापौर सीताराम जायसवाल ने कहा कि नए साल पर रामगढ़ताल के किनारे, बुढ़िया माता मंदिर व अन्य स्थानों पर भीड़ देखकर लगा कि गोरखपुर पर्यटन का हब बन चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी के विकास के लिए चिंतित हैं। प्रदेश की जनता ने एक बार फिर 2022 के चुनाव में उन्हें मुख्यमंत्री चुनने का संकल्प ले लिया है।
नगर विधायक डा. राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि जितना विकास पिछले साढ़े तीन सालों में हुआ है, उतना कभी नहीं हुआ था। कहा कि जब मैं कोरोना से पीड़ित था तो मुख्यमंत्री अपने ओएसडी के जरिए निरंतर हालचाल लेते रहे, इसके लिए मेरा पूरा परिवार उनका आभारी है। प्रदेश में सभी के विकास के लिए समान दृष्टिकोण अपनाया जा रहा है।
गोरखपुर ग्रामीण के विधायक बिपिन सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य चल रहे हैं।इसके लिए जनता मुख्यमंत्री की आभारी है।
पिपराइच के विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि जिस चीनी मिल को बंद कर दिया गया था, वहां आज नई चीनी मिल चल रही है। ऐसा पहला अवसर होगा जब वर्तमान पेराई सत्र में ही सभी किसानों को भुगतान किया जा चुका है। पहले पिपराइच में विकास नहीं होता था लेकिन इस समय विकास की गंगा बह रही है।
चौरीचौरा की विधायक संगीता यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान से जितने वादे किए गए थे, उससे 10 गुना विकास हो चुका है। विकास का कार्य अभी जारी है। 2संचालन ऋक ऋचा पांडेय ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय मंत्री विश्वजितांशु सिंह आशु, प्रदीप शुक्ला, राजेश गुप्ता, विनय सिंह आदि उपस्थित रहे।