जनप्रतिनिधियों से बोले CM योगी आदित्यनाथ-विधाननसभा चुनाव के लिए दुरुस्त करें सामाजिक समीकरण
मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए पदाधिकारियों में जोश भरा। कहा कि इसे लेकर संगठन की गतिविधियों को तेज करें। बूथ और सेक्टर को मजबूत करने पर विशेष जोर रहे। उन्होंने विधानसभा चुनाव की दृष्टि से सामाजिक समीकरण को समझने की पदाधिकारियों से अपील की।
गोरखपुर, जेएनएन। एनेक्सी भवन में आयोजित भाजपा की बैठक में मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए पदाधिकारियों में जोश भरा। कहा कि इसे लेकर संगठन की गतिविधियों को तेज करें। बूथ और सेक्टर को मजबूत करने पर विशेष जोर रहे। उन्होंने विधानसभा चुनाव की दृष्टि से सामाजिक समीकरण को समझने की पदाधिकारियों से अपील की और कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं उन्हें ऐसा समझने में मदद करेंगी। पार्टी की उपलब्धियों का प्रचार प्रसार करने के लिए मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया के भरपूर इस्तेमाल की सलाह दी। कहा कि सरकार की उपलब्धियों को इंटनेट मीडिया के माध्यम से जनता के बीच रखकर ही विरोधियों को उचित जवाब दिया जा सकता है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर अपना संदेश देना भी नहीं भूले। कहा कि पार्टी द्वारा निर्धारित प्रत्याशी का संगठन के सभी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पूरी ताकत से साथ दें। उनकी जीत में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्य के अनुभव को साझा किया और शहर और गांवों में बनी निगरानी समितियों की भूमिका की सराहना की। प्रदेश में अन्य प्रदेशों के मुकाबले कोविड से हुई कम मौतों की क्रेडिट मुख्यमंत्री ने निगरानी समितियों को दी। कोराना को नियंत्रित करने में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका भी योगी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। कोरोना के तीसरे वेब की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी तैयारी चार चरणों तक के लिए हो चुकी है। उन्होंने बताया कि आगामी 26 जून से निगरानी समितियों को मेडिसिन किट उपलब्ध कराया जाएगा, जो कोरोना के तीसरे वेब को नियंत्रित करने में कारगर साबित होगा। स्वागत संबोधन क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने दिया। संचालन महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता और आभार ज्ञापन जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने किया। इस दौरान राहुल श्रीवास्तव, पुष्पदंत जैन, विश्वजीताशु सिंह आशू, प्रदीप शुक्ला, डा. बच्चा पांडेय नवीन, देवेश श्रीवास्तव, ओमप्रकाश शर्मा, शशिकांत सिंह, बृजेश मणि मिश्र, रमेश गुप्ता, चंदन आर्य आदि मौजूद रहे।