सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल की स्वचालित प्रतिमा का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोलघर काली मंदिर के सामने बने सरदार बल्लभ भाई पटेल की स्वचालित प्रतिमा का लोकार्पण किया। लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पांच मिनट रहे।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोलघर काली मंदिर के सामने बने सरदार बल्लभ भाई पटेल की स्वचालित प्रतिमा का लोकार्पण किया। लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पांच मिनट रहे। इस दौरान नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, महापौर सीताराम जायसवाल, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, पार्षद अजय राय, मनु जायसवाल व ब्रजेश सिंह छोटू आदि मौजूद रहे। प्रतिमा लोकार्पण के बाद योगी देवरिया के लिए रवाना हो गए, जहां वह पुलवामा में शहीद हुए जवान विजय कुमार मौर्य के परिजनों को ढांढस बधाने जाएंगे। शहीद के परिजनों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री शहीद बंधु सिंह डिग्री कॉलेज जाएंगे, जहां वह भवन के साथ अमर शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद वह 12:10 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
दो दिवसीय दौरे पर रविवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्या सुनी बल्कि समाधान का आश्वासन भी दिया। समस्या समाधान को लेकर अधिकारियों को सतर्कता बरतने का निर्देश भी देते रहे। पौन घंटे के जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 100 लोगों की फरियाद सुनी।
गोरखनाथ मंदिर में फरियादियों से मिले सीएम
इसके पहले सीएम सुबह 5:30 बजे अपने आवास से निकलकर उन्होंने पहले गुरु गोरक्षनाथ और फिर ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की। गोशाला में आधा घंटा गुजारने के बाद मुख्यमंत्री फरियादियों की समस्या सुनने के लिए लाल कक्ष में पहुंच गए। उनके वहां पहुंचते ही सुरक्षाकर्मियों ने एक-एक फरियादी को उनके सामने प्रस्तुत करना शुरू किया। बारी-बारी से हर फरियादी ने अपनी समस्या मुख्यमंत्री से सीधे कही, जिसको उन्होंने पूरी गंभीरता से सुना। कुछ फरियादियों की समस्या का समाधान तत्काल करने का निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिया। समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री अपने बैठक कक्ष में पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ आगंतुकों से मुलाकात की। आगंतुकों में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन और प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह भी शामिल रहे।