गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर्मभूमि गोरखपुर के दो दिनी प्रवास पर रविवार को दूसरे दिन 500 करोड़ से अधिक की योजनाओं का तोहफा दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर क्लब में गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण, पिपराइच एवं चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्रों की 573 करोड़ से अधिक लागत की 37 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज भारत पहला देश है जिसने कोविड-19 की दो वैक्सीन एक साथ लॉन्च कर दी हैं। आज भारत ने दुनिया के सामने साबित कर दिया है, दुनिया में एक वैक्सीन आई है और भारत एक साथ दो वैक्सीन लॉन्च कर रहा है। इस बड़े कार्य के कारण भी भारत पूरे विश्व में चर्चा का विषय बना है। अब देश में चारों ही तरफ बड़ा परिवर्तन भी दिख रहा है। पीएम मोदी तो सिर्फ अपने काम में लगे हैं, लेकिन आलोचना करने वालों को तो हर काम में कमी निकालनी ही है। पीएम मोदी कभी की बेकार का आलोचना से विचलित होने वालों में से नहीं हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि हमारे प्रदेश में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो कि अपने लाभ के भगवान राम तक को नहीं छोड़ते हैं। जो लोग कभी भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताते थे अब वही लोग कहने लगे है कि भगवान राम तो सबके हैं। यह बड़ा परिवर्तन प्रदेश में चारों तरफ दिखने लगा है। जो लोग कहते थे राम तो काल्पनिक हैं। अब कहने लगे हैं कि राम तो सत्य हैं। यही परिवर्तन है। राम के अस्तित्व को नकारने और राम भक्तों पर गोलियां चलाने वालों को आज रामभक्तों की ताकत का अहसास हो गया है। कारसेवा के समय यही तो हम कहते थे। कारसेवकों और राम जन्मभूमि का विरोध मत करो। अंतत: हम विजयी भी हुए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 5 अगस्त 2020 को अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों राम जन्म भूमि का शिलान्यास होना, इस बात को साबित करता है कि मंदिर के लिए चला आंदोलन एक सकारात्मक आंदोलन था। इस आंदोलन का विरोध करने वाले लोग नकारात्मक सोचते थे और इसलिए उस आंदोलन को बदनाम करते थे। जब हर एक क्षेत्र में वे फेल हो चुके हैं, तो फिर वही राग अलापने का काम कर रहे हैं। पहले राम को मानते नहीं थे। अब कहने लग गए हैं कि राम तो सत्य है। भगवान करे सद्बुद्धि उन्हें हमेशा बनी रहे। भारत प्रदेश के लोग भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की सभी योजना जनता को समर्पित रहती हैं। उत्तर प्रदेश अब निर्णायक भूमिका में रहता है। हमने पूर्वांचल को हर बड़े संकट से मुक्ति दिलाने के साथ ही बाढ़ की समस्या को भी नियंत्रित किया है। पहले उत्तर प्रदेश में 75 में से 40 जनपद ऐसे थे, जो या तो अतिसंवेदनशील थे या फिर संवेदनशील थे। यहां बाढ़ के कारण व्यापक रूप से जन-धन की हानि होती थी, लोगों की मृत्यु होती थी, फसलें डूबती थीं और गांव के गांव बह जाते थे। बीते साढ़े तीन वर्षों में हमने बाढ़ को नियंत्रित करने का कार्य किया तथा बाढ़ रोकथाम संबंधी सभी कार्य बरसात से पहले पूरे करने के निर्देश दिए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास की यह प्रक्रिया हमारी आने वाली पीढ़ी के जीवन में एक नए उमंग, उत्साह के साथ एक नई दिशा देने का कार्य करेगी। आज मुझे इस दृष्टि से इन परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करते हुए काफी प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है। यह विकास हम सबके जीवन में परिवर्तन लाएगा और रोजगार का सृजन करेगा। जो पूर्वी उत्तर प्रदेश अन्य मामलों में देश में पिछड़ गया था, यह विकास कार्य ही उसे फिर से देश के अंदर एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए खड़ा करेगा। आज एकसाथ गोरखपुर महानगर, पिपराइच, गोरखपुर ग्रामीण और चौरी-चौरा विस क्षेत्र की लगभग 573 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम यहां पर संपन्न हो रहा है, जिसका लाभ पूरा पूर्वांचल लेगा।
इसके लिए मैं, आप सबको हृदय से बधाई देता हूं। इसमें सबसे बड़ी परियोजना 199 करोड़ से जेल बाईपास का चौड़ीकरण और 89 करोड़ से सिक्स लेन चौड़ीकरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के इस कार्यक्रम में हमने चौरी-चौरा के शहीद स्मारक के पुनरुद्धार कार्यक्रम का भी लोकार्पण किया है। याद कीजिए जब फरवरी, 1922 को चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना घटित हुई थी, इस घटना ने देश के स्वाधीनता आंदोलन को एक नई दिशा दी थी।
यह भी पढ़ें: वैक्सीन पर बदले अखिलेश यादव के सुर, अब बोले- गरीबों के टीकाकरण की तारीख घोषित हो
गोरखपुर में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे