जनता दरबार में सीएम योगी आदित्यनाथ ने समस्याएं सुन दिया निस्तारण का भरोसा Gorakhpur News
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं।
गोरखपुर, जेएनएन। दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की सुबह सात बजे गोरखनाथ मंदिर के हिन्दू सेवाश्रम में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों को दी चेतावनी
मुख्यमंत्री समस्या सुनने के दौरान संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही का निर्देश भी देते रहे। लापरवाही बरतने वाले अफसरों को दंडित करने की चेतावनी भी दी।
गायों को गुण चना भी खिलाया
इससे पहले मुख्यमंत्री ने तड़के गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर के भ्रमण के बाद करीब आधा घंटा वह गोशाला में गायों के बीच रहे और उनकों अपने हाथों से गुड़-चना खिलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोशाला मेंं साफ-सफाई और अलाव के इंतजाम को लेकर जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।
फरियादियों की लगी लंबी कतार
इसी क्रम में योगी जनता दर्शन के लिए हिन्दू सेवाश्रम पहुंचे जहां गोरखपुर और आसपास के जिलों से आए फरियादी अपनी समस्या कहने के लिए उनका इंतजार कर रहे थे। योगी ने भी उनका मान रखा और एक-एक कर सबके पास जाकर पूरे इत्मीनान से उनकी समस्या सुनी। हमेशा की तरह पुलिस के मामले ज्यादा आए।
अधिकारी भी रहे मौजूद
कुछ मामलों के प्रार्थना-पत्र को मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को सौंप दिया और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। योगी के जनता दर्शन से जाने के बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के प्रभारी मोती लाल सिंह ने करीब 100 लोगों की फरियाद सुनीं। इस दौरान एसएसपी, एडीएम सिटी, जीडीए सचिव, एसपी सिटी आदि मौजूद रहे।