Covid Vaccination In Gorakhpur: वैक्सीन की कमी से आज बंद रहेगा कलस्टर अभियान, केवल 43 बूथों पर ही लगेगा टीका
गोरखपुर में सोमवार को कोरोना टीकाकरण का कलस्टर अभियान बंद कर दिया गया है। सिर्फ 43 बूथों पर टीकाकरण की योजना बनाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सोमवार को वैक्सीन आ जाएगी तो मंगलवार से पुन कलस्टर अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। ब्लाकों को कलस्टर में बांटकर चलाए जा रहे कोविड टीकाकरण महाभियान को वैक्सीन की कमी के चलते तगड़ा झटका लगा है। सोमवार को कलस्टर अभियान बंद कर दिया गया है। सिर्फ 43 बूथों पर टीकाकरण की योजना बनाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सोमवार को वैक्सीन आ जाएगी तो मंगलवार से पुन: कलस्टर अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
यहां हो रहा टीकाकरण
सात ब्लाकों- बेलघाट, पिपराइच, ब्रह्मपुर, खजनी, जंगल कौड़िया, कैम्पियरगंज व पाली ब्लाक को कलस्टर में बांटकर वहां टीकाकरण अभियान पिछले एक सप्ताह से चल रहा है। 105 बूथ बनाए गए हैं। हर कलस्टर में 14 से 16 टीमें लगाई गई हैं। इस अभियान से टीकाकरण को गति मिली है।
आमातौर पर प्रतिदिन आठ से 12 हजार लोगों को टीका लगाया जाता था। लेकिन कलस्टर अभियान शुरू होने के बाद रोज 25 हजार से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। एक दिन तो इनकी संख्या 31 हजार से अधिक रही। केवल एक दिन शनिवार को वैक्सीन की कमी के चलते यह संख्या कम हुई थी। केवल 14 हजार लोगों को ही टीका लग सका था। इस अभियान के शुरू होने के बाद मात्र छह दिन में ही लगभग डेढ़ लाख लोगों को टीका लगा दिया गया।
16 जनवरी से चल रहे टीकाकरण अभियान में अब तक जितना टीका लगा है, उसका लगभग 18 फीसद केवल छह दिनों में हो गया है। लेकिन वैक्सीन की कमी इस अभियान में आड़े आ गई और कलस्टर अभियान बंद करना पड़ा।
शीघ्र शुरू होगा कलस्टर अभियान
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने बताया कि विभाग के पास चार हजार डोज उपलब्ध थी। 10 हजार डोज एडी हेल्थ कार्यालय से मिली है। अब 14 हजार डोज हमारे पास हो गई है। इसी के हिसाब से बूथ तय किए गए हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में वैक्सीन की डोज मिलने की उम्मीद है। उसके बाद पुन: कलस्टर अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी 19 ब्लाकों में दो-दो बूथ तथा शहर में पांच बूथ बनाए जाएंगे। इस तरह कुल 43 बूथों पर सोमवार को टीकाकरण किया जाएगा।