Move to Jagran APP

गोरखपुर में क्रिसमस का उल्‍लास, सजाए गए सभी चर्च व मोहल्ले Gorakhpur News

चर्च व आवास परिसरों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजा दिया गया है। पेड़-पौधों पर भी रोशनी इठला रही है। चर्च व घरों पर लटके तारे प्रभु के आगमन का संदेश रहे हैं। जगह-जगह क्रिसमस ट्री सजाए गए हैं।

By Satish ShuklaEdited By: Published: Wed, 23 Dec 2020 02:05 PM (IST)Updated: Wed, 23 Dec 2020 02:05 PM (IST)
गोरखपुर में क्रिसमस का उल्‍लास, सजाए गए सभी चर्च व मोहल्ले Gorakhpur News
मैरी क्रिसमस पर सेन्ट जोसफ स्कूल में सेंटाक्लोज के रूप में सजे व क्रिसमस गीत गाती छात्रायें ।

गोरखपुर, जेएनएन। प्रेम, सेवा व शांति के संदेशवाहक प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव 25 दिसंबर को क्रिसमस के रूप में मनाया जाएगा। 24 दिसंबर की रात 12 बजे मिडनाइट सर्विस आयोजित की जाएगी। मिस्सा बलिदान पूजा के बाद केक कटेगा और गूंज उठेगा हैप्पी क्रिसमस-मैरी क्रिसमस। तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। चर्च, घर व ईसाई मोहल्ले रोशनी से जगमगा रहे हैं। उत्सव व उल्लास का माहौल है। कैरल गीत गूंज रहे हैं। घरों में बाइबिल का पाठ हो रहा है। बच्चे गिफ्ट लेकर आने वाले सेंटाक्लाज का इंतजार कर रहे हैं।

loksabha election banner

चर्च व आवास परिसरों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजा दिया गया है। पेड़-पौधों पर भी रोशनी इठला रही है। चर्च व घरों पर लटके तारे प्रभु के आगमन का संदेश रहे हैं। जगह-जगह क्रिसमस ट्री सजाए गए हैं। सेंट जोसफ चर्च,  सिविल लाइंस में प्रभु जन्मोत्सव की झांकियां सजाई जा रही हैं। चरनी (गोशाला) का निर्माण अंतिम दौर में है। मां मरियम मंदिर की साफ-सफाई हो चुकी है, मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भेड़ों, पशुओं व चरवाहों के साथ स्वर्ग दूत एंजल की तस्वीर बनाई गई है। टोकरी में लेटे बाल रूप में प्रभु यीशु की झांकी बनाई गई है।

चल रहीं परंपरागत केक बनाने की तैयारियां

महिलाएं क्रिसमस पर परंपरागत केक से लेकर स्वादिष्ट व्यंजन की तैयारियों में जुटी हैं। जरूरी सामान की खरीदारी हो चुकी है। उसे साफ किया जा रहा है। बेकरी से समय ले लिया गया है। विश्वासी अपना सामान लेकर जाएंगे और अपने सामने केक तैयार कराएंगे। घर पर बनने वाले पकवानों की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं।

चल रही गिफ्ट व कपड़ों की खरीदारी

गिफ्ट व कपड़ों की खरीदारी हो रही है। बाजार गुलजार हैं। क्रिसमस के मद्देनजर तरह-तरह के गिफ्ट मंगाए गए हैं। इस पर्व पर गिफ्ट का खास महत्व है। क्रिसमस के दिन जब बच्चे सोकर उठते हैं तो उनके सिरहाने गिफ्ट रखा होता है। स्वजन बताते हैं कि रात को सेंटाक्लाज आए थे, उन्होंने गिफ्ट दिया है। बच्चे खुश हो जाते हैं।

क्राइस्ट चर्च में लघु नाटिका का मंचन

क्राइस्ट चर्च, शास्त्री चौक में प्रभु जन्म की जीवंत झांकी के साथ कैंडल लाइट सर्विस का आयोजन किया गया। रेव्ह. डीआर लाल ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह पाप के अंधकार में च्योति बनकर आए थे। संडे स्कूल के बच्चों ने प्रभु यीशु पर आधारित लघु नाटिका का मंचन किया। इस दौरान भक्ति गीत गूंज रहे थे।

सेंट जान चर्च में मना ज्योति पर्व

सेंट जान चर्च, बशारतपुर में कैंडल लाइट सर्विस (ज्योति पर्व) का आयोजन किया गया। पहला कैंडल पुरोहित ने जलाया। उसके बाद चर्च के सभी सदस्यों ने एक-एक करके कैंडल जलाया। पुरोहित रेव्ह. रोशन लाल ने कहा कि हम जिस च्योति का पर्व मना रहे हैं वह कोई और नहीं स्वयं प्रभु यीशु मसीह हैं। सिविल लाइंस स्थित सेंट जोसफ चर्च के पल्‍ली पुरोहित फादर ग्रेगरी का कहना है कि तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। झांकियां सजाई जा रही हैं। कोरोना को देखते हुए इस बार क्रिसमस की प्रार्थना में केवल चर्च परिसर के लोग ही शामिल होंगे। बाहर के लोगों से न आने का अनुरोध किया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.