बच्चा चोरी होने के शक में युवक को खंभे में बांधकर पीटा, विक्षिप्त को भी पीटा Gorakhpur News
देवरिया में कुछ लोगों ने एक युवक को बच्चा चोर होने के शक में खंभे में बांध कर बुरी तरह पीटा। बस्ती जिले में भी इस तरह की घटना सामने आई है।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम एकला मिश्रौलिया में कुछ लोगों ने एक युवक को बच्चा चोर होने के शक में खंभे में बांध कर बुरी तरह पीटा जिससे वह मरणासन्न हो गया। पुलिस ने उसे ग्रामीणों से मुक्त कराया। मेडिकल कालेज गोरखपुर में उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही थी। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
धर्मस्थल पर पूजा करने गया था
गोरखपुर जनपद के बांसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अड़ौली निवासी रविशंकर यादव 22 पुत्र नंदलाल यादव रुद्रपुर के एकला मिश्रौलिया स्थित एक धर्मस्थल पर तीन वर्ष से आता है। उसे माइग्रेन की दिक्कत है। बीती रात भी वह उक्त धर्मस्थल पर गया था। बारिश होने के चलते वह घर नहीं जा सका। देर रात वह हैंडपंप से पानी लेने के लिए निकला।
धारदार हथियार से हमला किया
अभी वह मुसहर बस्ती से निकला ही था कि कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ उसे खंभे में बांध दिया। इसके बाद उसके ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने चोर होने के शक में उसकी पिटाई की है। इस मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
विक्षिप्त को पीटा
उधर, बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के छरदही गांव में घर से बच्चा ले जाते समय ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया और पिटाई कर उसे कलवारी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति को विक्षिप्त बताया है। छरदही गांव निवासी वेदप्रकाश पांडेय के घर दोपहर में बच्चे खेल रहे थे। अचानक एक व्यक्ति बरामदे में खेल रहे शौर्य पांडेय को गोद में ले कर जाने लगा। महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने अधेड़ को लालगंज थाने की सीमा के पास पकड़ लिया। डायल 100 और थानाध्यक्ष लालगंज को सूचना दी। पकड़ा गया व्यक्ति लालगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का छोटेलाल पुत्र दयाराम है। थानाध्यक्ष कलवारी ने ग्राम प्रधान विश्वनाथ पाल को बताया कि छोटेलाल मानसिक रूप से विक्षिप्त है।