गोरखपुर में पहली बार जुटेंगे प्रदेश भर के बाल वैज्ञानिक, तीन दिवसीय है राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन Gorakhpur News
बच्चों में छिपी वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारने और उसे मंच देने के उद्देश्य से इस कांग्रेस का आयोजन हर वर्ष होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर पहली बार गोरखपुर में होगा।
गोरखपुर, जेएनएन। राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का पहली बार गोरखपुर में आयोजन होने जा रहा है। चार से छह दिसंबर के बीच होने वाले तीन दिनी आयोजन में प्रदेश भर के 300 बाल वैज्ञानिक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
यहां हो रही तैयारी
राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद और भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस 27वें राज्य स्तरीय कांग्रेस का संयोजन क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र, वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला और आरपीएम एकेडमी ग्रीन सिटी मिलकर कर रहे हैं। विज्ञान कांग्रेस का आयोजन स्थल आरपीएम एकेडमी गोरखनाथ होगा।
इसलिए यहां किया गया आयोजन
क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी महादेव पांडेय ने बताया बच्चों में छिपी वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारने और उसे मंच देने के उद्देश्य से इस कांग्रेस का आयोजन बीते 27 वर्ष से प्रति वर्ष होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर पहली बार यह गोरखपुर में होने जा रहा है।
हर जिले के चार बाल वैज्ञानिक करेंगे प्रदर्शन
इसमें प्रदेश के सभी जिलों के चार-चार बाल वैज्ञानिक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बाल वैज्ञानिकों के चयन की प्रक्रिया जिले स्तर पर चल रही है। जल्द ही उनके नाम प्राप्त हो जाएंगे। बाल वैज्ञानिकों के साथ हर जिले से दो-दो गाइड शिक्षक भी आमंत्रित किए गए हैं। आरपीएम एकेडमी के चेयरमैन अजय शाही ने बताया कि विज्ञान कांग्रेस के सर्वाधिक प्रतिभाशाली बच्चों को आगे चलकर बारी-बारी से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाल विज्ञान मंच पर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा।