गोरखनाथ मंदिर में लगा योगी का जनता दरबार, 150 लोगों से मिले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को 150 लोगों से मिले। उनकी समस्याएं सुनी। अधिकारियों को तत्काल समस्याओं का हल करने का निर्देश दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। दो दिवसीय दौरे पर रविवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की अल सुबह गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाया। इस दौरान वह गोरखपुर व आसपास के जिलों से आए करीब 150 लोगों से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। समस्या सुनने के दौरान उन्होंने फरियादियों को समाधान के लिए आश्वस्त किया, साथ ही इस बाबत अधिकारियों को निर्देश भी देते रहे।
इससे पहले सोमवार की सुबह मुख्यमंत्री की दिनचर्या परम्परागत रही। सुबह सवा पाच बजे वह अपने आवास से निकले और सीधे बाबा गोरखनाथ के दरबार में पहुंच गए। वहा उन्होंने पूरे विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा की पूजा-अर्चना की। इसी क्रम में योगी अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पहुंचे और पुष्प चढ़ाकर उनकी भी आराधना की। करीब आधा घंटा गोशाला में रहकर उन्होंने गायों को गुड़-चना खिलाया और फिर पहुंच गए उन फरियादियों के बीच जो तड़के से मंदिर परिसर में इसलिए डेरा डाले हुए थे कि अपनी समस्या सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचा सकें। मुख्यमंत्री ने भी उन्हें पूरी गंभीरता से लिया और एक-एक समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया। फरियादियों ने समस्या समाधान में लापरवाही बरतने को लेकर अफसरों की शिकायत की तो मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि लापरवाही बरतने वाले अफसर चिन्हित कर दंडित किये जायेंगे। फरियाद सुनने का सिलसिला करीब दो घंटे चला। मुख्यमंत्री सभी से फरियाद सुनाने के लिए आने का कारण भी पूछा। लोगों ने बताया कि स्थानीय स्तर पर समाधान न होने के कारण ही उन्हें आना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स होस्टल में हॉकी मैदान और कुश्ती हाल का उद्घाटन किया।