फोन कर किशोर को घर से बुलाया और करा दी हत्या Gorakhpur News
गोरखपुर में कुछ लोगों ने एक युवक को घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के गोला क्षेत्र के ग्राम शरम निवासी 16 वर्षीय दीपराज को एक मित्र ने फोन कर बुलाया और हत्या करा दी। किशोर का शव सुबह गोला क्षेत्र के ग्राम हरपुर टोला नायकपुरा में स्थित पोखरे के किनारे मिला। मृतक के पिता चुन्नीलाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
चुन्नीलाल ने बताया कि शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे किसी ने फोन कर पुत्र दीपराज को बुलाया। पुत्र ने बताया कि मित्र से मिलने जा रहा हूं, थोड़ी देर में आ जाऊंगा। एक घंटे तक बेटा घर नहीं आया तो उसके मोबाइल पर फोन किया तो वह बंद मिला। इससे परेशान हो गया और पुत्र को खोजने लगा पर कहीं पता नहीं चला। शनिवार को सुबह टहलने निकले लोगों ने हरपुर गांव के नायकपुरा टोला स्थित पोखरे के किनारे दीपराज का
शव देखकर शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। बकौल चुन्नीलाल ” पुत्र दीपराज का शव पोखरे के किनारे मिला। उसके दोनों हाथ पीछे की तरफ रूमाल से बंधे मिले। पूरे शरीर पर मिले चोट के निशान दीपराज की हत्या की गवाही दे रहे थे। हमारे बेटे की हत्या फोन कर बुलाने वाले किसी मित्र ने कराई है। इंस्पेक्टर गोला के साथ घटनास्थल के निरीक्षण के बाद
सीओ श्यामदेव विंद ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। किशोर की गायब मोबाइल की तलाश की जा रही है।।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गायब मोबाइल में छिपा हत्या का राज
हरपुर गांव में पोखरे किनारे मृत मिले दीपराज के मोबाइल में हत्या का राज छिपा है। मोबाइल मिलने पर स्पष्ट हो जाएगा कि रात में किसके बुलाने पर वह घर से निकला। घटनास्थल से मृतक की मोबाइल गायब मिलने से पता नहीं चल सका कि किसने फोन कर किशोर को बुलाया था।
कप्तान साहब! अक्सर बंद रहता है गोला थाने की सीयूजी
शासन ने पुलिसिंग में सुधार, जनता की समस्याओं के समाधान और आकस्मिक स्थिति की सूचना देने के लिए हर थाने को सीयूजी दिया है। इसी क्रम में गोला थाने को 9454403510 दिया गया है लेकिन इसका उपयोग इंस्पेक्टर नहीं करते। अक्सर गोला थाने का सीयूजी फोन बंद रहता है। अगर खुला भी रहेगा तो उनके खास उप निरीक्षक उठाते हैं और थानेदार साहब को व्यस्त बता कर फोन काट देते हैं। इससे परेशान जनता अपराध होने पर घटना की जानकारी तत्काल नहीं दे पाती।