गोरखपुर से बिहार के लिए बस सेवा शीघ्र, जानें-किस जिलों ने की है तैयारी
गोरखपुर में ही बिहार के हजारों लोग परिवार के साथ रहते हैं। हालांकि यूपी और बिहार के बीच प्राइवेट (डग्गामार) बसें चलती हैं। प्राइवेट बसों में एक तो किराया अधिक देना पड़ता है ऊपर से हर पल असुरक्षा की आशंका बनी रहती है।
गोरखपुर, जेएनएन। दीपावली और छठ पर्व में यूपी से बिहार आवागमन करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से बंद पड़ी रोडवेज की यूपी-बिहार बस सेवा को परिवहन निगम फिर से बहाल करने जा रहा है। एक से दो दिन में यह सेवा शुरू हो जाएगी। निगम ने बसों का किराया और समय सारिणी निर्धारित कर दी है।
गोरखपुर रेलवे बस डिपो से पटना, मोतिहारी और रक्सौल के बीच रोजाना छह फेरे बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा देवरिया और महराजगंज से भी सेवा शुरू कराने की तैयारी है। दरअसल, यूपी के गोरखपुर तथा बिहार के पटना, सिवान, छपरा, मोतिहारी, रक्सौल, गोपालगंज से प्रत्येक दिन हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं। गर्मी की छुट्टी और त्योहारों में तो आवाजाही और बढ़ जाती है। गोरखपुर में ही बिहार के हजारों लोग परिवार के साथ रहते हैं। हालांकि, यूपी और बिहार के बीच प्राइवेट (डग्गामार) बसें चलती हैं। प्राइवेट बसों में एक तो किराया अधिक देना पड़ता है, ऊपर से हर पल असुरक्षा की आशंका बनी रहती है।
तीन साल से बंद है यूपी-बिहार बस सेवा
यूपी-बिहार बस सेवा तीन साल से बंद है। वर्ष 2017 में सेवा शुरू हुई थी, लेकिन यात्रियों के नहीं मिलने से बंद हो गई थी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक केके तिवारी का कहना है कि तैयारी पूरी कर ली गई है। एक से दो दिन में संचालन शुरू हो जाएगा। सिस्टम में किराया लोड करने की प्रक्रिया चल रही है।
गोरखपुर से कुछ शहरों का किराया
पटना- 282, हाजीपुर- 257, सिवान- 148, मैरवा- 130, रक्सौल- 271, मोतिहारी- 230 और गोपालगंज- 152 रुपये।
गोरखपुर से पटना व मोतिहारी रूट की समय सारिणी
गोरखपुर से पटना - सुबह 8 बजे रवाना होकर शाम 4 बजे पहुंचेगी।
पटना से गोरखपुर- सुबह 7 बजे रवाना होकर शाम 4 बजे वापसी।
गोरखपुर से मोतिहारी- सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर 1.15 बजे पहुंचेगी।
मोतिहारी से गोरखपुर- शाम 4 बजे रवाना होकर रात 9.15 बजे पहुंचेगी।