गोरखपुर मंडल में दो रैलियां करेंगी बसपा सुप्रीमो मायावती
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती गठबंधन की संयुक्त रैलियों के अलावा गोरखपुर मंडल के बांसगांव व सलेमपुर में दो रैलियाें को संबोधित करेंगी।
गोरखपुर, जेएनएन। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती गठबंधन की संयुक्त रैलियों के अलावा गोरखपुर मंडल में दो रैलियां अकेले करने की तैयारी में हैं। 14 मई को प्रस्तावित ये रैलियां बांसगांव व सलेमपुर लोकसभा क्षेत्रों में होने की संभावना है।
बहुजन समाज पार्टी गोरखपुर व बस्ती मंडल की नौ लोकसभा सीटों में से छह पर चुनाव लड़ रही है। बस्ती, संतकबीरनगर, डुमरियागंज, बांसगांव, देवरिया व सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र बसपा के हिस्से आया है। अखिलेश व मायावती की संयुक्त रैली 13 मई को गोरखपुर में होनी है। इसमें गोरखपुर, महराजगंज व कुशीनगर के लोकसभा क्षेत्रों के लोग बुलाए जाएंगे। इस संयुक्त रैली के अलावा बसपा प्रमुख मायावती बांसगांव लोकसभा क्षेत्र व सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र में अकेले रैली कर सकती हैं। दोनों पार्टियों के जिम्मेदार पदाधिकारियों की मानें तो 14 मई को सपा प्रमुख के आने का कोई कार्यक्रम फिलहाल तय नहीं है। लेकिन, मायावती रैली को संबोधित करेंगी। बांसगांव से बसपा ने दूधराम को जबकि सलेमपुर से प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा को प्रभारी बनाया है। बसपा जिलाध्यक्ष घनश्याम राही ने बताया कि बसपा प्रमुख की रैली 14 मई को होनी है, उसके लिए जगह की तलाश जारी है।
दो हेलीपैड का पेंच, नहीं फाइनल हो सका रैली स्थल
13 मई को होने वाली गठबंधन की संयुक्त रैली के लिए जगह की तलाश जारी है। दोनों पार्टियों के जिला पदाधिकारियों ने रैली के लिए चंपा देवी पार्क का चयन किया था लेकिन पार्टी हाईकमान की ओर से इसे फिलहाल हरी झंडी नहीं दी गई है। दोनों पार्टियों के प्रमुख अलग हेलीकॉप्टर से आएंगे, इसलिए दो हेलीपैड की जरूरत है। इस लिहाज से चंपा देवी पार्क को फिलहाल रैली के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया है। रैली स्थल को लेकर दोनों पार्टियों के नेता मंथन कर रहे हैं।