BRD Medical College: अब प्रतिदिन भर्ती मरीज व खाली बेड की देनी होगी जानकारी Gorakhpur News
BRD Medical College में मरीजों को भर्ती न किए जाने की शिकायतों पर प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। कालेज प्रशासन को अब प्रतिदिन खाली बेड की जानकारी देनी होगी।
गोरखपुर, जेएनएन। बीआरडी मेडिकल कॉलेज से मरीजों को लौटाए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने प्रतिदिन भर्ती कोविड मरीजों व खाली बेडों की जानकारी देने को कहा है। इसके साथ ही अन्य अस्पताल भी यह जानकारी देंगे। मंगलवार की देर शाम वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी को टीम भावना से मरीजों की जान बचानी है, कोई भी अस्पताल बेड होने पर किसी मरीज को न लौटाएं। दोनों अधिकारियां ने बीआरडी के प्राचार्य से ऑक्सीजन की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। जिलाधिकारी का कहना है कि बेड की कोई कमी नहीं है। मेडिकल कॉलेज में 200 बेड पहले से थे। बाल रोग संस्थान में बने 300 बेड के कोविडअस्पताल में भी इलाज शुरू हो गया है। अब वहां 500 बेड हो गए हैं।
पहली बार एक दिन में स्वस्थ हुए 1296 मरीज
कोरोना संक्रमण से लड़ रहे स्वास्थ्य विभाग व शहर के लिए एक अच्छी खबर है। बुधवार को 1296 मरीज स्वस्थ हुए। यह एक दिन में स्वस्थ होने वालों की सर्वाधिक संख्या है। एक तरफ संक्रमण की रफ्तार कम हो रही है, दूसरी तरफ स्वस्थ होने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।
अब तक एक दिन में स्वस्थ होने वालों की सर्वाधिक संख्या चार सितंबर को 386 थी। इसके बाद नौ सितंबर को 309 हुए थे। फिर 14 सितंबर को 300 से ऊपर आंकड़ा गया था, इस दिन 306 संक्रमित स्वस्थ हुए थे। अन्य दिनों स्वस्थ होने वालों की संख्या 300 से नीचे थी। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने कहा कि संक्रमितों का अधिक संख्या में स्वस्थ होना शुभ संकेत है। हम कोरोना जीत की तरफ आगे बढ़ रहे हैं।