कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भाजपा हर जिले में बनाएगी कोरोना हेल्प डेस्क
भाजपा ने हर जिले में एक कोरोना हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्णय लिया है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने इसे लेकर कार्य शुरू कर दिया है। हर हेल्प डेस्क पर पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों और चिकित्सकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
गोरखपुर, जेएनएन। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भाजपा ने हर जिले में एक कोरोना हेल्प डेस्क स्थापित करने का निर्णय लिया है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने इसे लेकर कार्य शुरू कर दिया है। हर हेल्प डेस्क पर पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और चिकित्सकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सभी जिलों में शुरू हुई प्रक्रिया
जानकारी देते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष से इस बाबत मिले निर्देश से सभी जिलाध्यक्षों को अवगत करा दिया गया है। साथ ही डेस्क के गठन की प्रक्रिया शुरू करने को कह दिया गया है। हेल्प डेस्क बनाने के पीछे उद्देश्य कोरोना से पीड़ित लोगों का सहयोग करना और उचित सलाह देना है। डेस्क के लिए पदाधिकारियों और चिकित्सकों के नाम तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी पार्टी के हेल्पडेस्क पर सुनिश्चित की जाएगी। समस्या जिससे जुड़ी होगी, समाधान की जिम्मेदारी उसे ही सौंप दी जाएगी। संबंधित पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि को आगे बढ़कर समस्याग्रस्त व्यक्ति की मदद करनी होगी। चिकित्सा से जुड़ी समस्या का समाधान डेस्क से जुड़े चिकित्सक करेंगे।
अनादि आइटी सेल व सौरभ इंटरनेट मीडिया संयोजक बने
कोरोना संक्रमण में आनलाइन आयोजनों के सहज संचालन और पार्टी की नीतियों व जनकल्याणी कार्यों को इंटरनेट मीडिया से जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा ने आइटी व इंटरनेट मीडिया सेल को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की अनुमति से क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने अनादि पाठक को आइटी सेल और सौरभ अग्निहोत्री को इंटरनेट मीडिया का संयोजक बनाया है। अनादि लोकसभा चुनाव-2019 में भी चुनाव प्रबंधन टीम के आइटी सेल में थे। काशी क्षेत्र की आइटी सेल में भी उन्होंने पार्टी की अप्रत्यक्ष रूप से काफी मदद की थी।