सांसद बृजभूषण सिंह बोले- बिना माफी मांगे यूपी में नहीं मिलेगा राज ठाकरे को प्रवेश
देवरिया शहर के कसया रोड में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का दर्शन करने से पहले राज ठाकरे उत्तर भारतियों से माफी मांगे।
गोरखपुर, जागरण टीम। देवरिया शहर के कसया रोड में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने उत्तर भारतियों के मान- सम्मान को हमेशा चोट पहुंचाई है। यहां के लोग, यहां की मिट्टी को उसने अपमानित करने का काम किया है। ऐसे व्यक्ति को उत्तर भारतियों से माफी मांगनी होगी, अगर जनता से माफी नहीं मांगता है तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व संतों से माफी मांगे। क्योंकि यूपी के मुख्यमंत्री पहले संत हैं, फिर मुख्यमंत्री हैं। बिना माफी मांगे उत्तर प्रदेश में कदम नहीं रखने दिया जाएगा। माफी मांगने के बाद ही भगवान श्रीराम का दर्शन करने दिया जाएगा।
ठेला व दिहाड़ी मजदूरों को नुकसान पहुंचाता है ठाकरे: उन्होंने कहा कि 2008 से ही वह राज ठाकरे को खोज रहे हैं। मुंबई के अंदर 60 से 70 हजार लोग अत्याचार से प्रभावित हुए हैं। यह उन लोगों को नुकसान पहुंचाता है, जो ठेला व दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। मुंबई को अन्य प्रदेशों से आए 80 प्रतिशत लोगों ने मुंबई बनाया है। राज ठाकरे को माफी मांगने का केवल विकल्प दिया गया है। यह ठाकरे की धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि राजनीति यात्रा है। यह लड़ाई सत्ता की नहीं, यह लडाई न्याय, स्वाभिमान की है। रावण ने जीतना अत्याचार नहीं किया, उससे ज्यादा इसने अत्याचार उत्तर भारतियों पर किया है।
सांसद सलेमपुर रविन्द्र कुशवाहा ने कहा कि इन्होंने जो उत्तर भारतियों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है, देवरिया की जनता इनके साथ है। आयोजक समाजसेवी व व्यवसायी संजय केडिया ने गदा व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष धनंजय राव, डा.मिथिलेश सिंह, संदीप सिंह, ईश्वर चंद जायसवाल, राजीव सिंह पहाड़ी, सुजीत कुमार, संजय शाही, मदन शाही, बबलू सिंह, सूरज सिंह सेंगर, रमेश सिंह, मुरारी शाही, शिवानंद नायक मौजूद रहे।
जगह- जगह किया गया स्वागत: पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में उन्हें एक घंटे से अधिक का समय लग गया। जगह-जगह लोगों ने फूल- मालाओं से लादकर सांसद का स्वागत किया।