भाजपा नेता हत्याकांड : बर्खास्त सिपाही का लोकेशन बदलने से पुलिस परेशान
बाबा धाम से लौटकर आए भाजपा नेता को बर्खास्त सिपाही और उसके समर्थको ने उस समय पीटकर मार डाला जब वह प्रसाद देकर लौट रहे थे। पुलिस तभी से बर्खास्त सिपाही देवेन्द्र यादव को तलाश रही है, पर वह बिहार में छिपा है। हालांकि पुलिस भी उसे गिरफ्तार करने लिए बिहार में मौजूद है, पर उसे ढूंढ नहीं पा रही है। क्योंकि वह अपना लोकेशन बदल दे रहा है।
गोरखपुर : देवरिया जिले के बनकटा के भड़सर चौराहे पर भाजपा नेता उमाशंकर राय की पीटकर की गई हत्या के एक सप्ताह गुजरने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है। घटना के मुख्य आरोपित व बिहार पुलिस से बर्खास्त सिपाही की चालाकी से देवरिया पुलिस चित हो जा रही है। लोकेशन मिलने के चंद मिनट बाद ही उसका स्थान बदल जा रहा है, जिससे देवरिया पुलिस परेशान है। हालांकि पुलिस दावा कर रही है कि बर्खास्त सिपाही देवेंद्र उर्फ पहलवान को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर हत्यारोपितों की गिरफ्तारी न होने से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बनकटा क्षेत्र के छितौनी निवासी भाजपा कार्यकर्ता उमाशंकर राय बाबा बैजनाथ धाम से लौटकर 21 अगस्त की शाम प्रसाद देने भड़सर गए थे। वापस लौटते समय भड़सर चौराहे पर आधा दर्जन बदमाशों ने पुरानी रंजिश में उन्हें घेर लिया और पीट कर उमाशंकर की हत्या कर दी। बर्खास्त सिपाही देवेंद्र यादव उर्फ पहलवान, दान यादव पुत्र सुभाष यादव, रोहित यादव पुत्र सुरेंद्र यादव, अमित राय पुत्र अरुण राय, रंजीत यादव पुत्र रामछबीला यादव, ब्रह्मा यादव पुत्र सूर्यबली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बर्खास्त सिपाही देवेंद्र पुलिस के हर दांव-पेंच को जानता है, इसलिए पुलिस की हर चाल को पहले ही समझ ले रहा है। घटना के बाद से ही उसका लोकेशन बिहार में मिल रहा है। लोकेशन जब पुलिस ट्रेस कर रही है तो उसके चंद मिनट में ही उसका वह नंबर व मोबाइल दोनों बंद हो जा रहा है। साथ ही उस मोबाइल में दूसरा नंबर भी प्रयोग नहीं हो रहा है। जिसके चलते पुलिस की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि पुलिस की तीनों टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए पड़ोसी प्रांत बिहार में जमी हुई हैं। इस बाबत सीओ बृजेंद्र कुमार राय ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।