गोरखपुर पहुंची भाजपा की जन विश्वास यात्रा, चिल्लूपार में हुआ जोरदार स्वागत
भाजपा की जन विश्वास यात्रा के क्रम में गोरखपुर क्षेत्र की यात्रा मऊ जिले से गोरखपुर जिले के चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। पटनाघाट तिराहे पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। बड़हलगंज स्वागत सभा का आयोजन किया गया।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों का विश्वास हासिल करने के लिए क्षेत्रवार निकाली जा रही जन विश्वास यात्रा के क्रम में गोरखपुर क्षेत्र की यात्रा मऊ जिले से गोरखपुर जिले के चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। पटनाघाट तिराहे पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के बाद बड़हलगंज तिराहे चौराहे पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ओर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद स्वागत सभा का आयोजन किया गया, जिसमें देवरिया के सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी, बस्ती के सांसद हरीश द्विवेदी, राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद और जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लिया।
प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने का लिया गया संकल्प
सभा को संबोधित करते हुए डा. रमापति राम ने कहा कि जन विश्वास यात्रा को जनता हाथों-हाथ ले रही है। इससे साबित हो रहा है कि जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में अटूट विश्वास है। स्वागत करने वालों में महिलाओं की भी पर्याप्त संख्या है, इससे साफ जाहिर है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजना घर-घर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जन विश्वास को जगाए रखना है और यात्रा का संदेश घर-घर पहुंचाना है।
जिन्ना का महिमा मंडन करने वालों को सबक सिखाएं
सांसद हरीश ने कहा कि जनता जिन्ना का महिमा मंडन करने वालों को सबक सिखाने के लिए तैयार है। गरीबों का कल्याण का पैसा हजम करने वालों और अपने परिवार को उत्थान करने वाले दल हाशिए पर जा चुके हैं। राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद ने कहा कि जाति-धर्म के आधार पर समाज में विद्वेष पैदा करने वाले दलों को जनता पहचान चुकी है, वह मोदी और योगी सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं को रोकने का कोई भी प्रयास सफल नही होने देगी। सभा को जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, जिला प्रभारी अजय सिंह, पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी, अस्मिता चन्द, कमलेश पटेल, मायाशंकर शुक्ल, सबल सिंह आदि ने भी संबोधित किया। संचालन जिला उपाध्यक्ष मनोज शुक्ल ने किया। इस दौरान वेद प्रकाश पांडेय, सतीश शर्मा, संतोष चंद्र कौशिक, स्वतंत्र सिंह, मंजू सिंह, शत्रुघ्न कसौधन, दुर्गेश दुबे, केएम मझवार आदि मौजूद रहे।
26 को शहर में पहुंचेगी जन विश्वास यात्रा
चिल्लूपार विधानसभा में स्वागत व स्वागत सभा के बाद जन विश्वास यात्रा देवरिया जिले के लिए प्रस्थान कर गई। गोरखपुर में इसकी वापसी 25 दिसंबर को होगी। इस बार इसका प्रवेश चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में होगा। 25 दिसंबर को ही यात्रा कौड़ीराम पहुंचेगी, जहां स्वागत सभा के बाद रात्रि विश्राम होगा। 26 दिसंबर को बारी-बारी से यात्रा खजनी और और सहजनवां पहुंचेगी। उसी दिन शाम को यात्रा का प्रवेश महानगर में होगा। महानगर में नौसढ़ तिराहे पर स्वागत सभा का आयोजन होगा। गोरखनाथ मंदिर में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा। 27 दिसंबर को यात्रा कैंपियरंगज के लिए प्रस्थान करेगी। इसी क्रम में वह पिपराइच पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा कुशीनगर के लिए रवाना हो जाएगी।
टाउनहाल से बक्शीपुर तक होगा रोड-शो
महानगर के प्रवेश द्वार नौसढ़ पर स्वागत के बाद यात्रा के टाउनहाल तिराहे पर पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। टाउनहाल पर एक छोटी जनसभा आयोजित होगी, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मौजूद रहने की संभावना भाजपा पदाधिकारी जता रहे हैं। जनसभा के बाद एक रोड-शो होगा। रोड-शो के क्रम में यात्रा बक्शीपुर तक जाएगी। इसे लेकर गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनसभा और रोड-शो को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई।