Double Murder In Gorakhpur: गोरखपुर में बदमाशों ने व्यापारी व कर्मचारी को गोलियों से भूना
Double Murder In Gorakhpur गोरखपुर में बाइक सवार बदमाशों ने दुकान में घुसकर एक व्यापारी को ताबड़तोड़ गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक का नाम शंभू शरण मौर्य निवासी ग्राम कोठा है। वह गगहा कस्बे में टीवी फ्रिज कूलर की दुकान चलाते थे।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में बाइक सवार बदमाशों ने इलेक्ट्रानिक्स दुकानदार शंभु शरण मौर्य व उनके कर्मचारी संजय पाण्डेय की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बुधवार की रात साढ़े आठ बजे गगहा चौराहे से 200 मीटर की दूरी पर हुई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने गोरखपुर-वाराणासी राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान रोडवेज की बसों पर पथराव भी हुआ। पुलिस के आश्वासन पर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस हत्या की वजह और कातिलों का पता लगाने में जुटी है।
ताबड़तोड़ फायरिंग कर की हत्या
कोठा गांव निवासी 35 वर्षीय शंभु शरण मौर्य ने गगहा-जानीपुर मार्ग पर मकान बनवाया है। इसी में उन्होंने टीवी, फ्रिज की दुकान भी खोली है। गोला, लाहीडाड़ी के 42 वर्षीय संजय पाण्डेय उनके यहां कर्मचारी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार को शंभु और संजय दुकान पर बैठे थे। बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर छह राउंड गोली चली। इसमें से चार गोली शंभु जबकि दो संजय को लगी। मौके पर पांच खोखे मिले हैं। शंभु को सीने, सिर, चेहरे व गर्दन में गोली लगी है, जबकि संजय को गर्दन व सिर में गोली लगी है। बताते हैं कि गोली चलाने वाला बदमाश बाइक पर पीछे बैठा था। गगहा पुलिस शंभु व संजय को जिला अस्पताल ले जा रही थी, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने इसके बाद हंगामा शुरू कर दिया, जिस पर पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया।
एसपी ने कहा
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एके सिंह ने बताया कि आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को देखा जा रहा है। परिवार के लोगों से बात की जा रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज के लिए एक्सपर्ट की मदद लेगी पुलिस
शंभु की दुकान में तीन सीसीटीवी लगी हैं। लेकिन डीबीआर लाक होने के कारण पुलिस फुटेज नहीं देख पा रही है। ऐसे में पुलिस एक्सपर्ट की मदद लेगी। पुलिस का कहना है कि एक्सपर्ट की मदद से सीसीटीवी फुटेज देखा जाएगा।