Ram Mandir Bhumi Pujan: राम की लगन में मगन हुई गुरु गोरक्ष की धरती Gorakhpur News
श्रीराम के जयघोष के बीच श्रद्धालु भजन-कीर्तन में रमे हुए थे। यह सिलसिला तबतक चला जबकि जबतक अयोध्या में भूमि-पूजन की आनुष्ठानिक प्रक्रिया सम्पन्न नहीं हो गई।
गोखपुर, जेएनएन। सपने के हकीकत में बदलने का दिन था और उसे जी भर कर जी लेने का भी। फिर भला कौन इससे चूकता। उधर अयोध्या में जन्मभूमि पर श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन हो रहा था तो इधर रामभक्त अपने घरों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ कर श्रद्धा निवेदित करने में जुटे थे। चहुंओर मानस की चैपाइयां गूंज रही थीं। श्रीराम के जयघोष के बीच श्रद्धालु भजन-कीर्तन में रमे हुए थे। यह सिलसिला तबतक चला जबकि जबतक अयोध्या में भूमि-पूजन की आनुष्ठानिक प्रक्रिया सम्पन्न नहीं हो गई।
किया गया हवन पूजन
उसके बाद शुरू हुआ खुशी और उल्लास को जाहिर करने का सिलसिला। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर अपनी वर्षों के संघर्ष के बाद मिली सफलता का जश्न मनाया तो बहुत से रामभक्तों ने अपने-अपने घरों में एक-दूसरे का मुंह-मीठा कराकर। मंदिरों और बहुत से घरों में हवन-पूजन किया गया।
गूंजती रही मानस की चैपाइयां, भजन-कीर्तन में रमे रहे रामभक्त
गोरखनाथ मंदिर में 48 घंटे से चल रहा रामचरित मानस का अखंड पाठ भगवान श्रीराम की आरती के साथ सम्पन्न हुआ। सूर्यकुंड धाम में दिन में सुंदरकांड के पाठ के साथ रामोत्सव का सिलसिला जारी है। गीता वाटिका के राम दरबार सुबह से ही भजन-कीर्तन चल रहा है। विश्व हिंदू परिषद के कार्यालय में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक है। सुबह कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन कर श्रीराम की आरती उतारी। उसके बाद राम भजनों का गायन हुआ, जिसपर वह जमकर झूमे। दिन के आयोजन के बाद सभी स्थानों पर शाम के दीपोत्सव की तैयारी जोरशोर से चल रही है।
सपने को साकार होता देखने के लिए टीवी पर जमे रहे लोग
जन्मभूमि पर राममंदिर के निर्माण का सपना होता देखने के लिए लोग तबतक टीवी से चिपके रहे, जबतक अयोध्या का संपूर्ण आयोजन सम्पन्न नहीं हो गया। राम मंदिर के भूमि पूजन के अद्भुत और ऐतिहासिक पल की स्मृतियों को संजोने के लिए कुछ स्थानों पर एलईडी स्क्रीन का इंतजाम भी किया गया था।