Gorakhpur Vaccination: सर्वे करने गई आशा को ग्रामीणों ने पीटा और रजिस्टर फाडा, 10 पर केस Gorakhpur News
आशा कार्यकर्ता गीता सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि दो जून को गांव के कोदईशाह टोला में लोगों का सर्वे कर रही थीं। वह पप्पू पासवान के घर गई। नाम नोट करने के बाद उन्होंने पहचान पत्र मांगा तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। गुलरिहा के जंगल डुमरी नंबर एक गांव में कोरोना का टीका लगवाने के लिए सर्वे कर रही आशा से एक परिवार के लोगों ने अभद्रता कर दी। मारपीट करने के साथ ही रजिस्ट्रर फाड़ दिया। सूचना मिलने पर एएनएम पहुंची तो उनसे भी अभद्रता की। गुलरिहा पुलिस ने पांच महिलाओं समेत 10 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने का केस दर्ज किया है।
डुमरी नंबर एक गांव की आशा कार्यकर्ता गीता सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि दो जून को गांव के कोदईशाह टोला में ( टीका न लगवाने वाले 45 साल से अधिक उम्र) लोगों का सर्वे कर रही थीं। इसी क्रम में वह पप्पू पासवान के घर गई। नाम नोट करने के बाद उन्होंने पहचान पत्र मांगा तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया। आरोपित व उसके परिवार के लोगों ने रजिस्टर छीनकर फाड़ दिया। विरोध करने पर पप्पू के साथ ही उसकी मां दुखनी, जियनी देवी, रघुवर, धनई, सरस्वती देवी, महारी और विगाणु ने उसे पीट दिया।
इसकी जानकारी उन्होंने एएनएम अनीता को फोन से दी। वह मौके पर पहुंची तो आरोपित के साथ ही उसके पड़ोसियों ने अभद्रता शुरू कर दी। सबके सामने आरोपित धमकी देने लगे कि कोई कुछ नहीं कर पाएगा। जो भी यहां आएगा उसे पीटा जाएगा। घटना की जानकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटहट के प्रभारी को देते हुए आरोपितों पर कार्रवाई करने की मांग की है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने घटना की जानकारी गुलरिहा थानेदार को दी। थाने पहुंची गीता सिंह ने तहरीर दी। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई होगी।
प्रधान ने अनसुनी कर दी बात
गीता सिंह ने पुलिस को बताया कि घटना की जानकारी ग्राम प्रधान सिंकदर को दी गई। वह मौके पर आए तो हंसते हुए बात टाल गए। एएनएम और आशा को घर जाने के लिए कहने लगे। आरोपितों के घर पानी पीने के बाद वहां से चले गए। जिसके बाद आरोपित यह कहते हुए गाली देने लगे कि जो भी टीका लगवाने के लिए बुलाएगा उसे पीटा जाएगा।