संतकबीर नगर में हाईवे पर खड़े कंटेनर से टकराई एंबुलेंस, दो लोगों की जान गई
गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधा और कांटे के बीच पेट्रोल पंप के पास स्थित खड़े कंटेनर से एंबुलेंस टकरा गई। यह हादसा शनिवार सुबह करीब सवा पांच बजे हुआ। इस घटना में एंबुलेंस में सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता : गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधा और कांटे के बीच पेट्रोल पंप के पास स्थित खड़े कंटेनर से एंबुलेंस टकरा गई। घटना में एंबुलेंस में सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एंबुलेंस चालक व इसमें बैठे दो अन्य लोग घायल हो गए।
दिल्ली में उपचार चल रहा था सत्यम सिंह का
दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में बिहार के मोतीहारी जिले के शिकारगंज थाना क्षेत्र के भगवतपुर भलवहिया गांव निवासी सत्यम सिंह पुत्र संत कुमार सिंह का उपचार चल रहा था। इनकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। परिवार के सदस्य इनके शव को घर ले जाने के लिए इस अस्पताल का एंबुलेंस किराये पर लिया। बीते शाम के समय शव लेकर एंबुलेंस बिहार जा रही थी। इसमें चालक के अलावा परिवार के चार अन्य लोग सवार थे। यह एंबुलेंस गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधा और कांटे के बीच पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह सड़क पर खड़े कंटेनर में पीछे से घुस गई। इस घटना में परिवार के सदस्य 50 वर्षीय अनिल सिंह पुत्र विंदेश्वरी सिंह व 50 वर्षीय सुजीत कुमार सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह आदि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी परिवार के 20 वर्षीय रणधीर सिंह पुत्र विनोद सिंह व 19 वर्षीय कुमारी शिल्पी सिंह पुत्री संत कुमार सिंह घायल हो गए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के करहल थानाक्षेत्र के ममसिरपुर गांव निवासी एंबुलेंस चालक प्रवीण सिंह पुत्र जतन सिंह भी घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों का भेजवाया अस्पताल
सूचना पर पहुंची कांटे चौकी के पुलिस कर्मियों ने इन घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। दोनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में पुलिस जुटी है। पुलिस कर्मियों ने क्रेन के जरिए दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस व कंटेनर को सड़क के किनारे किया। ऐसा करके यातायात सामान्य करवाया।