लीबिया में अपहृत कुशीनगर के मुन्ना सहित सभी सात भारतीय मुक्त, सभी के घर खुशी का माहौल
मुन्ना सहित सात कामगारों का वीजा 13 सितंबर 2020 को ही समाप्त हो गया। इसी दिन उसने अपनों से बात कर 17 सितंबर को लीबिया से दिल्ली के लिए फ्लाइट होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका संपर्क टूट गया।
गोरखपुर, जेएनएन। वतन वापसी से ठीक पहले लीबिया में अपहृत कुशीनगर के मुन्ना चौहान समेत सभी सात भारतीय रविवार को सकुशल मुक्त करा लिया गया। ट्यूनीशिया में भारतीय राजदूत पुनीत राय कुंदन ने अपहृतों के स्वजन से बात कर यह जानकारी दी। रविवार आधी रात को स्वजन से बात कर मुन्ना ने भी इसकी पुष्टि की। मुन्ना सहित सभी भारतीयों के अपहृतों के चंगुल से मुक्त होने पर यहां खुशी का माहौल है।
घर वालों को आने की दी थी जानकारी
जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के गांव गड़हिया बसंतपुर निवासी मुन्ना चौहान आर्गन बेल्डिंग का काम करता है। सितंबर 2019 में वह दिल्ली स्थित एक कंपनी एनडी इंटरप्राइजेज ट्रेवल एजेंसी के माध्यम से लीबिया गया था। मुन्ना सहित सात कामगारों का वीजा 13 सितंबर 2020 को ही समाप्त हो गया। इसी दिन उसने अपनों से बात कर 17 सितंबर को लीबिया से दिल्ली के लिए फ्लाइट होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका संपर्क टूट गया।
अपहरण के बारे में ऐसे हुई जानकारी
महराजगंज जिले के कोठीभार क्षेत्र के बैजनाथपुर निवासी व मुन्ना के रिश्तेदार लल्लन ने 27 सितंबर को दिल्ली पहुंच लीबिया भेजने वाली कंपनी में पूछताछ की तो मुन्ना सहित सात भारतीयों के आतंकियों द्वारा अपहरण किए जाने की बात सामने आई। यह खबर मिलते ही मुन्ना की बूढी मां चंद्रावती, पत्नी संजू 13 वर्षीय बेटी रानी कुमारी, आठ वर्षीय विश्वजीत उर्फ करन चिंता में डूब गए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री तथा विदेश व गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर मदद की गुहार लगाई थी।
सांसद ने सकुशल वापसी का दिया था आश्वासन
मामले की जानकारी होने पर सांसद विजय कुमार दुबे ने सकुशल रिहाई का भरोसा दिलाया था। अपहृत भारतीयों में देवरिया, बिहार व आंध्रप्रदेश के कामगार शामिल थे। आंध्रप्रदेश के भी तीन सांसदों ने विदेश मंत्री से मिलकर अपहृत भारतीयों को मुक्त करने की मांग की थी। मुन्ना के पिता रामबचन चौहान का 10 वर्ष पहले बीमारी से निधन हो गया है। इस संबंध में एसपी विनोद कुमार सिंह ने कहा कि भारत सरकार की पहल पर अपहृत युवक सहित सभी भारतीय सकुशल मुक्त करा लिए गए हैं। पुलिस स्वजन के लगातार संपर्क में है।