गाेरखपुर में एक मंच पर होंगे अखिलेश यादव, मायावती व अजित सिंह
गोरखपुर में 13 मई को आयोजित हाेने वाली रैली में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती व रालोद के प्रमुख अजित सिंह हिस्सा लेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। सपा, बसपा व राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन की संयुक्त रैली गोरखपुर में 13 मई को आयोजित होगी। इस रैली में गोरखपुर, महराजगंज व कुशीनगर के लोकसभा क्षेत्रों के लोग शामिल होंगे। रैली को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती व रालोद के प्रमुख अजित सिंह संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।
चुनाव में सफलता के लिए गठबंधन तेजी से तैयारियों में जुटा है। प्रदेश में कुल 11 संयुक्त रैलियां आयोजित की जाएंगी। रैली की शुरुआत सात अप्रैल को देवबंद से होगी और समापन 16 मई को वाराणसी में आयोजित रैली के साथ होगा। सपा के जिला मीडिया प्रभारी राघवेंद्र तिवारी राजू के अनुसार 13 अप्रैल को बदायूं में, 16 अप्रैल को आगरा में, 19 अप्रैल को मैनपुरी में, 20 अप्रैल को रामपुर व फिरोजाबाद में, 25 अप्रैल को कन्नौज, एक मई को फैजाबाद, आठ मई को आजमगढ़ में रैली आयोजित होगी।
कार्यकर्ताओं को देंगे एकजुटता का संदेश
संयुक्त रैलियों के माध्यम से तीनों पार्टियों के प्रमुख कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश देंगे। रैली स्थल पर लगने वाले झंडे व होर्डिंग में तीनों पार्टियों के नेताओं के चित्र व चुनाव चिह्न प्रदर्शित किए जाएंगे। सपा के जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि गोरखपुर में आयोजित होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। इसके लिए जगह की तलाश की जा रही है।