खराबी के चलते दो बार रोकनी पड़ी एयर इंडिया की फ्लाइट, तीसरी फ्लाइट से गोरखपुर पहुंचे यात्री Gorakhpur News
दिल्ली से गोरखपुर के लिए उड़ान भरने से पहले यात्रियों को दो बार फ्लाइट बदलनी पड़ी। तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गोरखपुर, जेएनएन। दिल्ली से गोरखपुर के लिए उड़ान भरने से एयर इंडिया की जहाज में खराबी आ गई, जिसकी वजह दिल्ली में दो बार उड़ान रोकनी पड़ी। दोनों बार यात्री, जहाज में सवार हो चुके थे। दोनों बार उन्हें विमान से उतरना पड़ा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तीसरी फ्लाइट, यात्रियों को लेकर टेक ऑफ कर पाई।
रोजाना की तरह दोपहर 1:20 बजे एयर इंडिया की एआई-9809 उड़ान के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर तैयार थी। जैसे ही एटीसी से सिग्नल मिला वैसे ही पता चला कि जहाज में कोई खराबी आ गई है। कुछ देर प्रयास के बाद भी जब गड़बड़ी ठीक नहीं हुई तो दूसरी जहाज मंगाई गई। यात्री दूसरी जहाज में सवार हुए। उस जहाज को भी जैसे ही एटीसी ने सिग्नल दिया वैसे ही उसमे भी खराबी आ गई।
काफी प्रयास के बाद भी जम खराबी दूर नहीं हुई तो यात्रियों को दोबारा से नीचे उतारा गया। इसके बाद तीसरी फ्लाइट मंगाई गई और यात्रियों को तीसरी बार बैठाया गया। इस दौरान यात्रियों का भी गुस्सा भड़क गया। कइयों ने जमकर नाराजगी जताई। हालांकि एटीसी से सिग्नल मिलते ही फ्लाइट ने सुरक्षित टेकऑफ कर लिया। दो बार खराबी आ जाने से फ्लाइट तीन घंटे देर सवा छह बजे गोरखपुर पहुंची और सवा तीन घंटे देर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। गोरखपुर पहुंचने की इसकी टाइमिंग 3:20 बजे है।