आदित्य बिड़ला समूह गीडा में स्थापित करेगा पेंट बनाने की इकाई
आदित्य बिड़ला समूह एक बहुराष्ट्रीय कंपनी है। दुनिया के कई देशों में इसकी इकाइयां हैं। कंपनी में करीब एक लाख 30 हजार से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी 60 फीसद राजस्व देश के बाहर से प्राप्त करती है।
गोरखपुर, जेएनएन। जिले में औद्योगिक ²ष्टि से अ'छी खबर है। प्रतिष्ठित आदित्य बिड़ला समूह गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में पेंट बनाने की बड़ी इकाई लगाने जा रहा है। इसके लिए समूह के अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र का भ्रमण भी कर लिया है। भीटी रावत क्षेत्र में 70 एकड़ जमीन दिखायी गई है। कंपनी की मांग के अनुसार यहां सुविधाएं उपलब्ध हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही यहां करोड़ों रुपये का निवेश होगा, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
समूह ने गीडा के तत्कालीन मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजीव रंजन से संपर्क किया था। उसके बाद शासन में भी बात की गई थी। करीब 10 दिन पहले टीम ने गोरखपुर में आकर प्रस्तावित जमीन का निरीक्षण भी किया था। गीडा के अधिकारी भीटी रावत में जमीन दिखाने ले गए थे। यहां गीडा के पास पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। अब आगे की बातचीत चल रही है।
पानी व बिजली की होगी पर्याप्त जरूरत
निरीक्षण करने आयी टीम ने पानी व बिजली की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली थी और इसे उपलब्ध कराने को कहा था। यहां पानी भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और बिजली की आपूर्ति भी बेहतर है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में कंपनी अपनी इस परियोजना को हरी झंडी दे सकती है।
आदित्य बिड़ला समूह के बारे में
आदित्य बिड़ला समूह एक बहुराष्ट्रीय कंपनी है। दुनिया के कई देशों में इसकी इकाइयां हैं। कंपनी में करीब एक लाख 30 हजार से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी 60 फीसद राजस्व देश के बाहर से प्राप्त करती है। सीमेंट, गैर लौह धातुएं, उर्वरक, रसायन, इंसुलेटर, वित्तीय सेवाएं, दूर संचार, बीपीओ, आइटी सेवाएं, सुपर मार्केट आदि क्षेत्रों में यह कंपनी काम करती है। गीडा के सीईओ पवन अग्रवाल का कहना है कि मेरे कार्यभार ग्रहण करने से पहले आदित्य बिड़ला समूह की टीम यहां आयी थी। कंपनी की ओर से जमीन देखी गई है। औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए बातचीत चल रही है।