एडीजी ने की महिला पुलिसकर्मियों की सराहना, साथ में ली सेल्फी
मिशन शक्ति के तहत यूपी 112 की टीम ने जिले में 8063 महिलाओं को मदद पहुंचाई है। इसकी जानकारी देते हुए एसपी क्राइम ने बताया कि यूपी 112 टीम ने वर्ष भर में घरेलू हिंसा उत्पीडऩ की शिकार हुई 17117 महिलाओं को मदद पहुंचाई है।
गोरखपुर, जेएनएन। इंटरनेट मीडिया पर महिलाएं साइबर ठगों का साफ्ट टार्गेट हैं। महिलाएं जालसाजी का शिकार होती हैं और साइबर थाने पर वह खुलकर अपनी परेशानी व्यक्त नहीं कर सकती हैं। फिलहाल महिलाओं को अब इस समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। साइबर थाने में एसपी क्राइम डा.एमपी सिंह ने महिला साइबर सेल का उद्घाटन किया गया, जहां वह आसानी से अपनी बातें कह सकेंगी।
महिला साइबर सेल का प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता सिंह को दी गई है। साइबर सेल में उनके साथ दो महिला कांस्टेबल भी रहेंगी। अपर पुलिस महानिदेशक अखिल कुमार ने कार्यालय की महिला पुलिस कर्मियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी और उनके साथ में एक सेल्फी भी ली।
सराही गई महिला पुलिस कर्मियों की भूमिका
मिशन शक्ति के तहत यूपी 112 की टीम ने जिले में 8063 महिलाओं को मदद पहुंचाई है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इसकी जानकारी देते हुए एसपी क्राइम ने बताया कि यूपी 112 टीम ने वर्ष भर में घरेलू हिंसा, उत्पीडऩ की शिकार हुई 17117 महिलाओं को मदद पहुंचाई है। उन्होंने बताया कि जिले में चार महिला पीआरवी व थाना स्तर पर 74 शेरनी दस्ता संचालित है। पिछले चार माह में आठ गुमशुदा महिलाओं की तलाश की। आत्महत्या का प्रयास करने वाली 25 महिलाओं का जीवन बचाया है।
महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का हुआ लोकार्पण
कैंपियरगंज थाना परिसर में जेपी इंटर कालेज की प्रवक्ता नीतू पाण्डेय व छात्राओं ने फीता काटकर महिला रिपोर्टिंग चौकी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी, एएसपी/सीओ कैंपियरगंज राहुल भाटी, थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, महिला चौकी प्रभारी दीपशिखा रंजन, नीतू यादव, आरती, नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव, संतोष सिंह, अतुल तिवारी, बंश गोपल सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, एसडी मिश्र, जेपी इंटर कालेज व शिशु सेवा सदन कन्या इंटर कालेज की शिक्षिका अर्चना सिंह, शिवांगी सिंह आदि मौजूद रहीं।