वीरांगनाओं का सम्मान करने गोरखपुर आएंगे ’राम’ व ’सीता’ Gorakhpur News
अभिनेता अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया चार दिसंबर को गोरखपुर आ रहे हैं। उनका आगमन वीरांगना संस्था की ओर से आयोजित वीरांगना सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने के लिए हो रहा है। गोरखनाथ मंदिर भी जाएंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। रामायण सीरियल में भगवान राम और माता सीता का यादगार रोल निभाकर दर्शकों के दिल में भगवान की तरह जगह बना लेने वाले अभिनेता अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया चार दिसंबर को गोरखपुर आ रहे हैं। उनका आगमन वीरांगना संस्था की ओर से आयोजित वीरांगना सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लेने के लिए हो रहा है।
21 वीरांगनाओं को सम्मानित करेंगे अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया
अरुण और दीपिका इस समारोह के दौरान देश भर की 21 वीरांगनाओं को सम्मानित करेंगे। इसके अलावा चार अन्य महत्वपूर्ण पुरस्कार भी इनके हाथों दिए जाएंगे। इनमें एक प्रमुख पुरस्कार ’वोेमेन आफ द ईयर’ भी होगा, जो मशहूर ओडिसी नृत्यांगना डोना गांगुली (क्रिकेटर सौरव गांगुली की पत्नी) को दिया जाएगा। आयोजन के कोआर्डिनेटर विशाल कश्यप ने बताया कि इस सम्मान के लिए सभी 21 वीरांगनाओं के नाम तय कर लिए गए हैं। कोआर्डिनेटर ने बताया कि अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया पांच दिसंबर को खुली गाड़ी से बाबा गोरखनाथ का दर्शन करने गोरखनाथ मंदिर जाएंगे, जिससे शहर के लोग उन्हें देख सकें।
आयोजित होगी सेल्फ डिफेंस वर्कशाप
विशाल ने बताया कि वीरांगना सम्मान से पहले 29 नवंबर से तीन दिसंबर के बीच पांच दिवसीय मुफ्त सेल्फ डिफेंस वर्कशाप का आयोजन किया जाएगा। इस वर्कशाप में मुंबई के मशहूर ट्रेनर सीके सिंह महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगे।
इन्हें मिलेगा सम्मान
वोमेन आफ द ईयर सम्मान डोना गांगुली (ओडिसी नृत्यांगना) को मिलेगा। जबकि सुषमा स्वराज स्मृति सम्मान- अंजू चैधरी व डा. सत्या पांडेय (पूर्व महापौर) को दिया जाएगा। इसी तरह से लक्ष्मीबाई वीरता सम्मान शालिनी सिंह (इंस्पेक्टर) प्राप्त होगा। वीरांगना सम्मान पाने वालों में श्वेता तिवारी (लखनऊ), अर्चना तिवारी (गोरखपुर), आयना गुप्ता (मुंबई), रीता श्रीवास्तव (गोरखपुर), पूनम सिंह (गोरखपुर), इंदुप्रभा दासी (मुुंबई), सौंदर्या गर्ग (मुंबई), मधुमिता बनर्जी (मुंबई), रूपल तिवारी (गोरखपुर), ममता शर्मा (गाजियाबाद), सुप्रिया द्विवेदी (गोरखपुर), संगीता चैधरी (गोरखपुर), अस्मिता चन्द (गोरखपुर), वंदना शुक्ला (गोरखपुर), शुभा गुलाटी (कानपुर), ऐश्वर्या पांडेय (गोरखपुर), कंचन सोनी (गोरखपुर), ज्योति शुक्ला (कानपुर), अर्पिता उपाध्याय (गोरखपुर), प्रतिभा झींगन (दिल्ली), वर्षा श्रीवास्तव (लखनऊ) शामिल हैं।