फर्जी दस्तावेजों पर नेपाल की नागरिकता लेने वाले भारतीयों पर कार्रवाई शुरू Gorakhpur News
नेपाल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नेपाली नागरिकता हासिल करने वाले भारतीय नागरिकों की खोजबीन में नेपाल सरकार जुट गई है। कई लोगों की नागरिता भी खारिज कर दी गई है।
गोरखपुर/महराजगंज, जेएनएन। नेपाल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नेपाली नागरिकता हासिल करने वाले भारतीय नागरिकों की खोजबीन में नेपाल सरकार जुट गई है। जिला प्रशासन व गुप्तचर विभाग की टीमें भारत व नेपाल दोनों देशों की नागरिकता लिए लोगों का चिह्नीकरण व कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो गया है।
इस बीच नेपाल के विभिन्न जिलों में फर्जी व नियम कानून के विपरीत नेपाल की नागरिकता लेने वाले कई भारतीय नागरिकों की नागरिकता खारिज कर दी गई है। यह जानकारी देते हुए संचार व सूचना विधिक मंत्रालय के प्रवक्ता गोकुल बास्कोटा ने बताया कि यह कार्रवाई तमाम जांच व पड़ताल के बाद की गई है। सप्तरी जिले में जीवन कुमार सिंह, धनुषा जिले में धर्मेंद्र ठाकुर व अजय कुमार ठाकुर नामक व्यक्तियों की नागरिकता मंत्री परिषद की बैठक के बाद सर्वसम्मति से खारिज की गई है। इसके अलावा यमुना सिंह व कृपाली रावत की भी नागरिकता खारिज हुई है।
रुपंदेही, नवलपरासी व कपिलवस्तु जिले में 4011 लोगों की चल रही जांच
नेपाल के रुपंदेही, नवलपरासी व कपिलवस्तु जिले में सबसे अधिक व्यक्ति जांच के दायरे में हैं। नेपाली सदन के विभिन्न जिम्मेदार मंत्रालयों की रिपोर्ट में यह बात उजागर हुई है कि 4011 लोग विशेष रुप से चिह्नित किए गए हैं। जिनकी भारत के अलावा नेपाली नागरिकता है। जिसमें अधिकतर सफेदपोश व बड़े व्यापारी शामिल हैं।